लखनऊ की पर्वतारोही पूर्वा धवन ने 5,826 मीटर ऊंची रुद्रगैरा चोटी पर फहराया तिरंगा

लखनऊ, 13 सितंबर 2026: लखनऊ की पर्वतारोही पूर्वा धवन ने उत्तराखंड स्थित माउंट रुद्रगैरा की 5,826 मीटर ऊंची चोटी पर भारतीय तिरंगा फहराकर उपलब्धि हासिल की है। पूर्वा 10 सितंबर को दोपहर 12:30 बजे शिखर पर पहुंचीं। कठिन बर्फीले और चट्टानी रास्तों, कम ऑक्सीजन तथा चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बावजूद उन्होंने यह अभियान पूरा किया। अब उनका अगला लक्ष्य दुनिया की सबसे ऊंची चोटी माउंट एवरेस्ट पर पहुंचना है।
पूर्वा ने बताया कि इस अभियान के पीछे उनके परिवार का सहयोग और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मिली प्रेरणा महत्वपूर्ण रही। मई 2018 में उन्होंने मुख्यमंत्री से मुलाकात कर ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ का संदेश भी साझा किया था। अभियान में शैलेश सेमवाल और बिहारी सिंह राणा ने भी उनका मार्गदर्शन किया।
पूर्वा और उनकी टीम ने 7 सितंबर को सुबह करीब 9 बजे गंगोत्री से ट्रेक शुरू किया था। दो दिन की यात्रा के बाद टीम करीब 4,350 मीटर की ऊंचाई पर रुद्रगैरा बेस कैंप पहुंची। 10 सितंबर को सुबह चार बजे वहां से शिखर की ओर चढ़ाई शुरू की गई। करीब आठ घंटे 30 मिनट की कठिन चढ़ाई के बाद टीम ने लगभग 1,300 मीटर की ऊंचाई तय करते हुए दोपहर 12:30 बजे रुद्रगैरा चोटी पर पहुंचकर तिरंगा फहराया।
पूर्वा ने अपने पर्वतारोहण अभियान को पर्यावरण संरक्षण से भी जोड़ा है। ‘पीक्स एंड प्लास्टिक’ पहल के माध्यम से वह पर्वतीय क्षेत्रों में प्लास्टिक कचरे को लेकर जागरूकता और जिम्मेदार पर्वतारोहण का संदेश दे रही हैं। रुद्रगैरा के बाद अब उनकी नजर 8,848.86 मीटर ऊंचे माउंट एवरेस्ट पर है। उनका उद्देश्य पर्वतारोहण के साथ महिला सशक्तीकरण, युवा प्रेरणा और स्वच्छ हिमालय का संदेश भी आगे बढ़ाना है।
Poonam Report



