आगराउत्तर प्रदेशबड़ी खबर

आगरा में CEC ज्ञानेश कुमार के पैतृक आवास पर कांग्रेस का प्रदर्शन, दो नेता गिरफ्तार

आगरा में मुख्य निर्वाचन आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के पैतृक आवास के बाहर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। सोमवार को विजय नगर स्थित आवास के बाहर पहुंचे प्रदर्शनकारियों ने निर्वाचन आयोग की कार्यप्रणाली और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर विरोध जताया। प्रदर्शन के दौरान मुख्य गेट और दीवार पर स्प्रे पेंट से नारे लिखे गए। पुलिस ने बाद में इन नारों को साफ कराया।

प्रदर्शन में उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के संगठन महासचिव अनिल यादव और मथुरा जिला कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश धनगर समेत अन्य कार्यकर्ता शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त के इस्तीफे की मांग को लेकर नारेबाजी की। पुलिस के अनुसार, प्रदर्शन के दौरान आवास की दीवार और गेट को नुकसान पहुंचाने की शिकायत के बाद मामले की जांच शुरू की गई।

आगरा पुलिस ने बताया कि हरिपर्वत थाने में मामले में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने अनिल यादव और मुकेश धनगर को हिरासत में लेकर गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, घटनास्थल से मिले साक्ष्यों, फोटो-वीडियो और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से प्रदर्शन में शामिल अन्य लोगों की पहचान की जा रही है।

घटना के बाद कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने आगरा में सुभाष पार्क से एमजी रोड होते हुए कलेक्ट्रेट तक मार्च भी निकाला। यहां कार्यकर्ताओं ने निर्वाचन आयोग को लेकर अपनी मांगें रखीं और मुख्य निर्वाचन आयुक्त के इस्तीफे की मांग की। इसी दौरान मथुरा समेत प्रदेश के कई जिलों में भी कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया।

कांग्रेस की ओर से निर्वाचन आयोग की कार्यप्रणाली और SIR को लेकर सवाल उठाए जा रहे हैं। वहीं, पुलिस ने राजनीतिक और सामाजिक संगठनों से निर्धारित स्थानों पर ही प्रदर्शन करने की अपील की है और कहा है कि आवासीय क्षेत्रों में लोगों को परेशानी या कानून-व्यवस्था में व्यवधान पैदा करने पर कार्रवाई की जाएगी।

Poonam Report.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button