इंजीनियरिंग केवल तकनीक नहीं, राष्ट्र निर्माण की जिम्मेदारी भी: विशेषज्ञ

उन्नाव। नेशनल इंजीनियर्स डे-2026 के अवसर पर चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी उत्तर प्रदेश में इंजीनियरिंग, कृत्रिम बुद्धिमत्ता और साइबर सुरक्षा से जुड़े विषयों पर कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में आरडीएसओ की डायरेक्टर (सिग्नल) प्रियंका सिंह ने कहा कि इंजीनियरिंग का उद्देश्य केवल तकनीकी ज्ञान हासिल करना नहीं, बल्कि ऐसे समाधान तैयार करना है, जिनसे लोगों का जीवन आसान हो और राष्ट्र निर्माण में योगदान मिले।
उन्होंने कहा कि आज इंजीनियरिंग के विद्यार्थियों के पास एआई समेत कई आधुनिक तकनीकों और संसाधनों तक पहुंच है। ऐसे समय में जिज्ञासा बनाए रखना और लगातार नई चीजें सीखते रहना जरूरी है। उन्होंने विद्यार्थियों को तकनीकी ज्ञान के साथ समस्याओं को समझकर उनके व्यावहारिक समाधान विकसित करने पर जोर दिया।
कार्यक्रम के तहत ‘हैक टू इनोवेट’ साइबर सिक्योरिटी हैकाथॉन का आयोजन भी किया गया। इसमें 20 से अधिक विश्वविद्यालयों के करीब 200 छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया। प्रतिभागियों ने साइबर सुरक्षा से जुड़ी वास्तविक चुनौतियों पर काम करते हुए तकनीकी प्रोटोटाइप और समाधान तैयार किए।
हैकाथॉन की शुरुआत 13 सितंबर को 10 घंटे के ऑनलाइन कैप्चर द फ्लैग चरण से हुई थी। प्रदर्शन के आधार पर शीर्ष 20 टीमों का चयन किया गया। इन टीमों ने 14 सितंबर से शुरू हुए 24 घंटे के ग्रैंड फिनाले में हिस्सा लिया और निर्धारित समय में साइबर सुरक्षा से जुड़ी समस्याओं के समाधान विकसित किए। 15 सितंबर को टीमों ने अपने प्रोटोटाइप विशेषज्ञों और शोधकर्ताओं के सामने प्रस्तुत किए।
प्रतियोगिता में एआई आधारित थ्रेट डिटेक्शन, एपीआई सिक्योरिटी, डेटा लीक डिटेक्शन, फेक और क्लोन ऐप की पहचान, डीपफेक, डिजिटल फॉरेंसिक्स, एंड्रॉयड एप्लिकेशन सिक्योरिटी, वेयरेबल डिवाइस सिक्योरिटी और फेक सोशल मीडिया अकाउंट की पहचान जैसी चुनौतियां शामिल रहीं। इसके अलावा क्रिप्टोग्राफी, रिवर्स इंजीनियरिंग, क्लाउड और बाइनरी एक्सप्लॉइटेशन से जुड़ी समस्याओं पर भी विद्यार्थियों ने काम किया। हैकाथॉन में कुल दो लाख रुपये तक के पुरस्कार रखे गए थे।
कार्यक्रम में आईआईटी कानपुर, एथर एनर्जी, यूनिवर्सिटी ऑफ ग्लासगो, यूनिवर्सिटी ऑफ मिलान और माइक्रोन टेक्नोलॉजी से जुड़े विशेषज्ञों ने इंजीनियरिंग, एआई, वैश्विक मानकों और उद्योग की बदलती जरूरतों पर विचार साझा किए। विशेषज्ञों ने इंजीनियरिंग शिक्षा में तकनीकी क्षमता के साथ नैतिकता, ईमानदारी और जिम्मेदारी के महत्व पर भी जोर दिया।
विश्वविद्यालय प्रबंधन की ओर से कहा गया कि विद्यार्थियों को कक्षा की पढ़ाई के साथ उद्योग की वास्तविक चुनौतियों से जोड़ना जरूरी है। ऐसे कार्यक्रम छात्रों को तकनीकी ज्ञान, आलोचनात्मक सोच और नवाचार को वास्तविक समस्याओं पर लागू करने का अवसर देते हैं।
कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के कुलपति, उपकुलपति, शिक्षक और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। साइबर सुरक्षा विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों को सुरक्षा परामर्श, वेब और एपीआई सुरक्षा, क्लाउड सुरक्षा, थ्रेट रिसर्च, मालवेयर विश्लेषण और साइबर सुरक्षा से जुड़े व्यावहारिक पहलुओं की जानकारी भी दी।
Poonam Report



