उत्तर प्रदेशगाजियाबादराज्य

गाजियाबाद: फ्लैट की बालकनी टूटकर गिरी नीचे, मलबे में दबकर मामा-भांजे की मौत

[tta_listen_btn listen_text="खबर सुनें" pause_text="Pause" resume_text="Resume" replay_text="Replay" start_text="Start" stop_text="Stop"]

गाजियाबाद: यूपी के गाजियाबाद में हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां फ्लैट की बालकनी टूटकर दो लोगों के ऊपर गिर गई। दोनों मामा-भांजे बताए जा रहे हैं। वहीं जर्जर फ्लैट की बालकनी टूटकर गिरने से दोनों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान आकाश (26) और उसके भांजे वंश (04) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दोनों घर से निकलकर चावल लेने के लिए किराने की दुकान पर खड़े थे। इसी दौरान अचानक उनके ऊपर बने फ्लैट की बालकनी टूटकर गिर गई। इस हादसे में दोनों की मौत हो गई। पुलिस का कहना है कि दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

किराना दुकान पर खड़े थे दोनों

दरअसल, पूरा मामला गाजियाबाद के टीला मोड़ इलाके का है। यहां तुलसी निकेतन गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (GDA) जनता फ्लैट्स इलाके में बुधवार की रात को यह हादसा हुआ। बताया जा रहा है कि आकाश अपने भांजे वंश के साथ चावल खरीदने पास के ही किराना दुकान पर गया था। वह किराना दुकान के बाहर एक टिन शेड के नीचे खड़ा था। इसके ऊपर फ्लैट था, जो काफी जर्जर हो गया था। बताया जा रहा है कि अचानक से जर्जर फ्लैट की बालकनी टूटकर दोनों के ऊपर गिर गई। इसके बाद आकाश और वंश इस मलबे में दब गए और दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।

बालकनी पर अवैध रूप से बना था शौचालय

वहीं पुलिस ने बताया कि टूटी हुई बालकनी शबीना खान के फ्लैट की थी। इस बालकनी पर अवैध रूप से शौचालय बनाया गया था। सहायक पुलिस आयुक्त (शालीमार गार्डन क्षेत्र) अतुल कुमार सिंह ने कहा कि जांच के बाद उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। वहीं जीडीए के एक अधिकारी ने बताया कि इस कॉलोनी का निर्माण 30 साल पहले हुआ था। यह कई सालों से जर्जर अवस्था में है। अधिकारी ने बताया, ‘‘जीडीए ने सुरक्षा चिंताओं और प्रस्तावित पुनर्निर्माण के मद्देनजर निवासियों से फ्लैट खाली करने का आग्रह करते हुए कई सार्वजनिक नोटिस जारी किए थे। हालांकि, निवासियों ने चेतावनियों को नजरअंदाज किया।’’ (इनपुट- पीटीआई)

Related Articles

Back to top button