क्रिप्टोकरेंसी हैकिंग मामला: 58 लाख रुपये की ठगी का आरोप, पुलिस ने एक आरोपी को किया गिरफ्तार

पठानकोट में करीब 58 लाख रुपये मूल्य की यूएसडीटी क्रिप्टोकरेंसी से जुड़े कथित धोखाधड़ी मामले में साइबर क्राइम पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी की पहचान हरियाल, पठानकोट निवासी हनी उर्फ हनी पठानिया के रूप में हुई है। मामले में अन्य लोगों की संभावित संलिप्तता की भी जांच की जा रही है।
पुलिस के मुताबिक शिकायतकर्ता संग्राम सिंह ने करीब एक महीने पहले साइबर क्राइम थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। आरोप है कि उसके परिचित ने उसके ट्रस्ट वॉलेट तक अनधिकृत पहुंच हासिल कर करीब 58 लाख रुपये मूल्य की यूएसडीटी अलग-अलग वॉलेट में स्थानांतरित कर दी। शिकायत मिलने के बाद साइबर क्राइम सेल की तकनीकी टीम ने मामले की जांच शुरू की।
थाना साइबर क्राइम सेल के प्रभारी अमित कुमार के अनुसार पुलिस ने डिजिटल साक्ष्यों की मदद से आरोपी को ट्रैक कर गिरफ्तार किया। पुलिस का कहना है कि जांच में यह भी सामने आया कि क्रिप्टोकरेंसी से संबंधित रकम को अलग-अलग बैंक खातों में स्थानांतरित किया गया था।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4), 61(2) और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धारा 66 व 66(सी) के तहत मामला दर्ज किया है। अब पुलिस तकनीकी और डिजिटल फॉरेंसिक साक्ष्यों के आधार पर मामले की आगे जांच कर रही है।
पुलिस के अनुसार मामले में अभी पैसों की बरामदगी नहीं हुई है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि कथित धोखाधड़ी में आरोपी के अलावा कोई अन्य व्यक्ति शामिल था या नहीं। जांच पूरी होने के बाद मामले से जुड़े अन्य तथ्यों की स्थिति स्पष्ट होगी।
Poonam Report



