उत्तर प्रदेशबड़ी खबरबाराबंकीराज्यराष्ट्रीय

चाचा नेहरू के जन्मदिवस पर जेबीएस पब्लिक स्कूल में लगा बाल मेला, बच्चों ने लगाए आकर्षक स्टॉल

बच्चों को उपहार एवं पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया

रमेश चंद्र यादव
ब्यूरो

बाराबंकी। भारत के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू के जन्मदिवस एवं बाल दिवस के अवसर पर जेबीएस पब्लिक स्कूल, बंदी का पुरवा, बाराबंकी में भव्य बाल मेले का आयोजन हर्षोल्लास के साथ किया गया। कार्यक्रम में बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और विभिन्न प्रकार के आकर्षक स्टॉल लगाकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

बाल मेले में बच्चों ने दुकानदार की भूमिका निभाते हुए चाट, पकौड़े, मोमोज, पिज्जा, केक, टॉफी, मिठाइयां और बताशे सहित अनेक खाद्य पदार्थों के स्टॉल लगाए। बच्चों ने स्वयं अपने स्टॉल का संचालन किया और खरीद-बिक्री की प्रक्रिया में हिस्सा लिया। मेले में विद्यार्थियों ने जमकर खरीदारी की और विभिन्न व्यंजनों का आनंद उठाया।

इस आयोजन का उद्देश्य बच्चों को मनोरंजन के साथ-साथ व्यावहारिक ज्ञान, आपसी सहयोग, आत्मनिर्भरता और लेन-देन की प्रक्रिया से परिचित कराना रहा। मेले के माध्यम से बच्चों को स्वयं जिम्मेदारी निभाने और अपने कौशल को प्रदर्शित करने का अवसर मिला।

कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के सभी बच्चों को उपहार एवं पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। विद्यालय की प्रबंधिका श्रीमती पूनम सिंह ने बच्चों को स्नेह एवं आशीर्वाद देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य और निरंतर सफलता की कामना की।

कार्यक्रम का निर्देशन प्रबंधिका श्रीमती पूनम सिंह के मार्गदर्शन में हुआ। आयोजन को सफल बनाने में स्नेहा मैम एवं चंद्रकला मैम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। इसके साथ ही विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं कर्मचारियों ने भी अपना सहयोग प्रदान किया।

बाल दिवस के अवसर पर आयोजित यह मेला बच्चों के लिए मनोरंजन, रचनात्मकता और सीखने का यादगार अवसर बना। पूरे विद्यालय परिसर में उत्साह और उल्लास का माहौल देखने को मिला।

Related Articles

Back to top button