उत्तर प्रदेशजौनपुरबड़ी खबरराष्ट्रीय

जौनपुर में भाजपा ने शंकर गिरी को जिला प्रभारी बनाया, पांचों सीटों पर संगठन मजबूत करने की तैयारी

जौनपुर। भारतीय जनता पार्टी ने उत्तर प्रदेश के संगठनात्मक 98 जिलों में जिला प्रभारियों की नियुक्ति की है। शनिवार को प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने जिला प्रभारियों की सूची जारी की, जिसमें वाराणसी निवासी शंकर गिरी को जौनपुर का जिला प्रभारी बनाया गया है।

शंकर गिरी ने करीब 35 वर्ष पहले वार्ड अध्यक्ष के रूप में राजनीतिक जीवन की शुरुआत की थी। इसके बाद उन्होंने वाराणसी में मंडल अध्यक्ष, युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष, जिला मंत्री और काशी क्षेत्र के महामंत्री सहित संगठन के अलग-अलग पदों पर जिम्मेदारी संभाली। वह चार बार प्रदेश महामंत्री, किसान मोर्चा के प्रदेश प्रभारी और भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष भी रह चुके हैं।

जौनपुर में नई जिम्मेदारी मिलने के बाद शंकर गिरी के सामने आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर संगठन को मजबूत करने की चुनौती होगी। खासतौर पर उन विधानसभा क्षेत्रों में संगठन को सक्रिय करने पर जोर रहेगा, जहां पिछले विधानसभा चुनाव में पार्टी को हार का सामना करना पड़ा था।

शंकर गिरी ने कहा कि कार्यकर्ताओं के सहयोग से जिले की पांचों विधानसभा सीटों पर पार्टी के लिए संगठनात्मक स्तर पर मजबूत तैयारी करना उनकी प्राथमिकता होगी। उन्होंने मल्हनी और मुंगराबादशाहपुर विधानसभा सीटों का विशेष रूप से उल्लेख किया। उनके अनुसार वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में भाजपा को इन दोनों सीटों पर हार मिली थी और आगामी चुनाव के लिए इन क्षेत्रों में प्रभावी रणनीति तैयार की जाएगी।

उन्होंने कहा कि प्रत्याशी चयन के दौरान ऐसे उम्मीदवारों को प्राथमिकता देने पर विचार किया जाएगा, जिन्हें संगठन और कार्यकर्ताओं का समर्थन तथा जमीनी स्तर की स्वीकार्यता हासिल हो। इसके लिए कार्यकर्ताओं के साथ बैठकें कर क्षेत्र की स्थिति और स्थानीय फीडबैक लिया जाएगा।

नए जिला प्रभारी ने कहा कि कार्यकर्ताओं के सुझावों और संगठन की स्थिति के आधार पर आगे की रणनीति तैयार की जाएगी। चुनावी तैयारियों के मद्देनजर संगठन को मजबूत करने और कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने पर भी जोर दिया जाएगा।

Poonam Report

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button