उत्तर प्रदेशबड़ी खबरलखनऊ

पूर्व IAS अधिकारी दिव्या मित्तल ने राजनीति में आने का किया ऐलान, बिना किसी दल के शुरू करेंगी सफर

लखनऊ। उत्तर प्रदेश कैडर की पूर्व IAS अधिकारी दिव्या मित्तल ने प्रशासनिक सेवा से इस्तीफा देने के बाद राजनीति में प्रवेश करने का ऐलान किया है। उन्होंने मंगलवार को जारी वीडियो संदेश में कहा कि वह अपनी राजनीतिक यात्रा उत्तर प्रदेश से शुरू करेंगी, लेकिन किसी राजनीतिक दल में शामिल नहीं होंगी।

दिव्या मित्तल 2013 बैच की IAS अधिकारी रही हैं और करीब 13 वर्षों तक प्रशासनिक सेवा में काम किया। उन्होंने मीरजापुर और देवरिया समेत उत्तर प्रदेश के कई जिलों में जिम्मेदारियां संभालीं। सितंबर 2026 में उनका इस्तीफा स्वीकार हुआ।

राजनीति में आने की वजह बताते हुए दिव्या मित्तल ने कहा कि प्रशासनिक सेवा के दौरान उन्होंने देखा कि कई मामलों में सरकार की ओर से मंजूरी, धन और नियम होने के बावजूद आम लोगों की समस्याओं का समाधान जमीन पर नहीं हो पाता। उन्होंने ऐसे लोगों की आवाज बनने की बात कही, जिनकी शिकायतें सरकारी कार्यालयों तक नहीं पहुंच पातीं या पहुंचने के बाद भी उनका समाधान नहीं होता।

उन्होंने अपने प्रशासनिक अनुभवों का जिक्र करते हुए स्कूल निर्माण, भूमि आवंटन और बुनियादी सुविधाओं से जुड़े मामलों को उदाहरण के तौर पर सामने रखा। उनका कहना है कि राजनीति के जरिए वह लोगों के साथ मिलकर एक ऐसा मंच तैयार करना चाहती हैं, जिसमें आम नागरिकों की समस्याओं को प्रमुखता मिले।

दिव्या मित्तल ने स्पष्ट किया कि वह किसी मौजूदा राजनीतिक दल के झंडे के तहत राजनीति नहीं करेंगी। उन्होंने लोगों से अपने साथ जुड़ने की अपील की है। फिलहाल उन्होंने अपनी राजनीतिक यात्रा की शुरुआत उत्तर प्रदेश से करने की बात कही है, जबकि चुनाव लड़ने या किसी सीट से दावेदारी को लेकर कोई स्पष्ट घोषणा नहीं की है।

Poonam Report.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button