यूपी के परिषदीय स्कूलों में चाइल्ड ट्रैकिंग सिस्टम मजबूत होगा, 6.55 करोड़ रुपये जारी

लखनऊ, 12 सितंबर 2026: उत्तर प्रदेश सरकार ने परिषदीय विद्यालयों में बच्चों से जुड़ी जानकारी की निगरानी और स्कूलों की डिजिटल व्यवस्था को मजबूत करने के लिए वर्ष 2026-27 में 6.55 करोड़ रुपये की धनराशि जारी करने का निर्णय लिया है। इसका इस्तेमाल एमआईएस (यू-डायस प्लस) और चाइल्ड ट्रैकिंग सिस्टम के प्रभावी संचालन के लिए किया जाएगा।
एमआईएस और चाइल्ड ट्रैकिंग के लिए अलग बजट
कुल 655.01 लाख रुपये में से 262 लाख रुपये एमआईएस (यू-डायस प्लस) और 393.01 लाख रुपये चाइल्ड ट्रैकिंग सिस्टम के लिए निर्धारित किए गए हैं। यह धनराशि विद्यालय स्तर पर स्कूल प्रबंधन समिति (एसएमसी) के माध्यम से निर्धारित गतिविधियों में खर्च की जाएगी।
हर विद्यार्थी की जानकारी पर रहेगी नजर
यू-डायस प्लस के माध्यम से विद्यालयों और विद्यार्थियों से संबंधित आंकड़ों को व्यवस्थित करने पर जोर दिया जाएगा। वहीं चाइल्ड ट्रैकिंग सिस्टम के जरिए बच्चों की शैक्षिक स्थिति और प्रगति की निगरानी को अधिक प्रभावी बनाया जाएगा।
अपार आईडी से जुड़ेगी शैक्षिक जानकारी
सरकार ने अपार आईडी और चाइल्ड ट्रैकिंग सिस्टम के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए हैं। इससे विद्यार्थियों की विशिष्ट पहचान के साथ उनकी शैक्षिक जानकारी को व्यवस्थित तरीके से ट्रैक करने में मदद मिलेगी।
जिला स्तर पर होगी खर्च की निगरानी
धनराशि के इस्तेमाल की निगरानी के लिए जिला स्तर पर जिम्मेदारियां तय की गई हैं। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारियों को एसएमसी स्तर पर हुए खर्च की समीक्षा करने और निर्धारित पोर्टल पर उपलब्ध सूचनाओं के आधार पर निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
स्कूल व्यवस्था को अधिक पारदर्शी बनाने पर जोर
बेसिक शिक्षा राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार संदीप सिंह ने कहा कि एमआईएस और चाइल्ड ट्रैकिंग सिस्टम के माध्यम से विद्यालयी व्यवस्था को अधिक पारदर्शी और जवाबदेह बनाने के साथ बच्चों की शैक्षिक प्रगति पर प्रभावी नजर रखने में मदद मिलेगी।
Poonam Report



