उत्तर प्रदेशबड़ी खबरमथुरा

23 करोड़ से बदलेगा मथुरा का जवाहर बाग, श्रीकृष्ण लीला थीम पर बनेगा वेस्ट टू वंडर पार्क

मथुरा। वैश्विक नगर सृजन योजना के तहत मथुरा के सिविल लाइंस स्थित राजकीय उद्यान जवाहर बाग के कायाकल्प और विकास की तैयारी शुरू हो गई है। करीब 23 करोड़ रुपये की लागत से जवाहर बाग को आधुनिक सुविधाओं से युक्त ‘वेस्ट टू वंडर पार्क’ के रूप में विकसित करने की योजना है।

बुधवार शाम नगर आयुक्त ओजस्वी राज ने अधिकारियों के साथ जवाहर बाग का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने प्रस्तावित विकास कार्यों, पार्क के मौजूदा स्वरूप और हरित क्षेत्र का जायजा लिया। अधिकारियों को परियोजना से जुड़ी जरूरी औपचारिकताएं और एनओसी जल्द पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं।

प्रस्तावित पार्क को श्रीकृष्ण लीला थीम पर विकसित किया जाएगा। इसमें भगवान श्रीकृष्ण के जीवन और उनसे जुड़ी विभिन्न लीलाओं को रचनात्मक तरीके से प्रदर्शित करने की योजना है। पार्क में बाल स्वरूप और गोकुल की बाल लीलाएं, माखन चोरी, गोवर्धन लीला, कालिया नाग मर्दन, रासलीला, कंस वध, मथुरा आगमन और द्वारका नगरी से जुड़े प्रसंगों को शामिल किया जाएगा। इसके अलावा ब्रज संस्कृति और भक्ति परंपरा से जुड़े सांस्कृतिक प्रसंग भी पार्क की थीम का हिस्सा होंगे।

पार्क को ‘वेस्ट टू वंडर’ की अवधारणा के आधार पर विकसित किया जाएगा। इसके तहत अपशिष्ट और अनुपयोगी सामग्री का उपयोग कर आकर्षक कलाकृतियां, थीम आधारित संरचनाएं और रचनात्मक इंस्टॉलेशन तैयार किए जाएंगे। इसका उद्देश्य पार्क के विकास के साथ पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता के प्रति जागरूकता को बढ़ावा देना भी है।

नगर आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जवाहर बाग की मौजूदा नर्सरी और हरित क्षेत्रों को यथासंभव सुरक्षित रखा जाए। इसके लिए संशोधित लेआउट तैयार करने और निर्माण कार्यों में गुणवत्ता, सुरक्षा तथा समयबद्धता का ध्यान रखने को कहा गया है। अधिकारियों को अक्टूबर के पहले सप्ताह से विकास कार्य शुरू करने की तैयारी करने के निर्देश दिए गए हैं।

योजना के तहत पार्क में आधुनिक लैंडस्केपिंग, पैदल चलने के लिए पथ, प्रकाश व्यवस्था, बैठने की सुविधाएं और अन्य नागरिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी। परियोजना पूरी होने के बाद जवाहर बाग को स्थानीय नागरिकों के साथ मथुरा आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए प्रमुख आकर्षण के रूप में विकसित करने की योजना है।

Poonam Report

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button