यूपी: जनता दर्शन में सीएम योगी सख्त, बोले- जनसमस्याओं के समाधान में लापरवाही बर्दाश्त नहीं

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को आयोजित जनता दर्शन में प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए लोगों की शिकायतें सुनीं और अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि जनसमस्याओं के निस्तारण में किसी भी तरह की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी और हर शिकायत का समाधान पारदर्शी तथा संवेदनशील तरीके से होना चाहिए।
जनता दर्शन के दौरान पुलिस और राजस्व विभाग से जुड़ी कई शिकायतें सामने आईं। इस पर मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि अपराधियों पर कार्रवाई और आरोपियों की गिरफ्तारी में लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। जिन जिलों से ऐसी शिकायतें अधिक मिल रही हैं, वहां के पुलिस कप्तानों की जवाबदेही तय करने के भी निर्देश दिए गए।
सीएम योगी ने कहा कि किसी भी पीड़ित के साथ अन्याय नहीं होना चाहिए। पारिवारिक विवादों में पहले आपसी संवाद के माध्यम से समाधान का प्रयास किया जाए और आवश्यकता होने पर कानूनी कार्रवाई की जाए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि जनता की समस्याओं का गुणवत्तापूर्ण, संतोषजनक और समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए।
मुख्यमंत्री ने दोहराया कि सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता आम नागरिकों को त्वरित न्याय और प्रभावी प्रशासन उपलब्ध कराना है। उन्होंने सभी अधिकारियों को जनसेवा के प्रति पूरी जिम्मेदारी और संवेदनशीलता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।
Poonam Report



