झारखंड में छात्र आंदोलन तेज, आज विधानसभा मार्च; रांची में निषेधाज्ञा और कड़ी सुरक्षा

झारखंड में JPSC और JSSC भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के खिलाफ छात्रों और अभ्यर्थियों का आंदोलन लगातार तेज हो रहा है। सोमवार, 10 अगस्त को आंदोलनकारी छात्रों ने विधानसभा मार्च और घेराव का ऐलान किया है। आंदोलन 16वें दिन में पहुंच चुका है और कुछ छात्र भूख हड़ताल पर भी बैठे हैं।
मार्च को देखते हुए रांची विधानसभा भवन के 750 मीटर के दायरे में 6 से 12 अगस्त तक निषेधाज्ञा लागू की गई है। यह आदेश सुबह 6 बजे से रात 10 बजे तक प्रभावी रहेगा। प्रमुख स्थानों पर बैरिकेड लगाए गए हैं और पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
पुलिस ने छात्रों से शांतिपूर्ण और अनुशासित तरीके से प्रदर्शन करने की अपील की है। अधिकारियों ने कहा है कि किसी भी तरह की हिंसा या अवैध गतिविधि से बचना जरूरी है। पुलिस का कहना है कि वह कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ छात्रों के करियर पर किसी तरह का दाग नहीं लगने देना चाहती।
वहीं, छात्रों की मुख्य मांगों में भर्ती परीक्षाओं से जुड़ी कथित गड़बड़ियों पर कार्रवाई और जांच शामिल है। सरकार और प्रदर्शनकारियों के बीच कई दौर की बातचीत के बावजूद CBI जांच जैसे मुद्दों पर मतभेद बने हुए हैं। इसी गतिरोध के बीच आज का विधानसभा मार्च बेहद अहम माना जा रहा है।
Poonam Report



