
उत्तर प्रदेश के अमेठी जिले में बुखार से पीड़ित सात वर्षीय बच्ची की दवा लेने के कुछ समय बाद तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। बच्ची की मां ने कठौरा स्थित हमजा मेडिकल स्टोर पर इलाज करने वाले डॉक्टर पर गलत दवा देने और इलाज में लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है। मामले में पुलिस को तहरीर दी गई है और स्वास्थ्य विभाग ने जांच के लिए तीन सदस्यीय टीम गठित की है।
शुकुल बाजार थाना क्षेत्र के नरहरगढ़ मठ, मजरे ऊंचगांव निवासी करिश्मा के अनुसार, शुक्रवार सुबह उनकी सात वर्षीय बेटी सौम्यी को बुखार था। वह बच्ची को लेकर कठौरा स्थित हमजा मेडिकल स्टोर पहुंचीं, जहां डॉक्टर जावेद से इलाज कराया और दवा ली। इसके बाद वह बच्ची को लेकर घर लौट आईं।
परिजनों का आरोप है कि घर पहुंचने के बाद डॉक्टर की बताई दवा देने के कुछ समय बाद बच्ची की हालत अचानक बिगड़ गई। गंभीर स्थिति को देखते हुए परिजन उसे लेकर डॉक्टर के पास पहुंचे। वहां से बच्ची को अस्पताल ले जाने की सलाह दी गई, लेकिन अस्पताल पहुंचाने की तैयारी के दौरान ही बच्ची की मौत हो गई।
बच्ची की मौत के बाद उसकी मां ने कमरौली थाने में तहरीर देकर डॉक्टर पर गलत दवा देने और उचित इलाज नहीं करने का आरोप लगाया। उन्होंने पूरे मामले की जांच कर जिम्मेदार व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अंशुमान सिंह ने बताया कि मामला संज्ञान में आने के बाद तीन सदस्यीय जांच टीम गठित की गई है। टीम चिकित्सा संबंधी तथ्यों और उपलब्ध साक्ष्यों की जांच कर रिपोर्ट तैयार करेगी। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
कमरौली थाना प्रभारी मुकेश पटेल के अनुसार, बच्ची की मां की तहरीर प्राप्त हुई है और पुलिस मामले की जांच कर रही है। बच्ची के शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। पुलिस के अनुसार पोस्टमार्टम और स्वास्थ्य विभाग की जांच रिपोर्ट के बाद ही मौत के कारणों और मामले में आगे की कार्रवाई की स्थिति स्पष्ट होगी।
Poonam Report



