
जम्मू-कश्मीर में पहले अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव के सफल आयोजन के बाद अब लद्दाख में खेल और पर्यटन को बढ़ावा देने वाला बड़ा आयोजन चर्चा में है। लद्दाख मैराथन के 13वें संस्करण के तहत 122 किलोमीटर लंबी सिल्क रूट अल्ट्रा रेस शुरू हुई है। इसमें 120 से अधिक धावक हिस्सा ले रहे हैं।
रेस नुब्रा घाटी के क्यागर गांव से शुरू हुई। धावकों को करीब 3,140 मीटर की ऊंचाई से आगे बढ़ते हुए कई दुर्गम इलाकों से गुजरना है और 5,370 मीटर ऊंचे खारदुंग ला दर्रे को पार करना है। रेस का समापन लेह में होना है।
इसके साथ ही 72 किलोमीटर लंबी खारदुंग ला चैलेंज रेस भी आयोजित की जा रही है। आयोजकों ने धावकों की सुरक्षा के लिए सहायता केंद्र और पर्यावरण संरक्षण की व्यवस्था की है। स्थानीय लोगों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम के जरिए प्रतिभागियों का स्वागत किया।
इससे पहले श्रीनगर में चार दिवसीय जम्मू-कश्मीर अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव आयोजित हुआ था। इसमें देश-विदेश के 360 से अधिक प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया और डल झील में फ्लोटिंग सिनेमा जैसे प्रयोग भी हुए। आयोजकों का उद्देश्य कश्मीर को पर्यटन के साथ फिल्म और रचनात्मक गतिविधियों के केंद्र के रूप में बढ़ावा देना है।
Poonam Report



