उत्तर प्रदेशजौनपुरबड़ी खबर

डिजिटल दौर में तेजी से बदल रही भाषा, युवाओं को तथ्यपरक और संयमित भाषा अपनाने की सलाह

जौनपुर। मोहम्मद हसन पीजी कॉलेज में बुधवार को “डिजिटल मीडिया का भाषा पर प्रभाव” विषय पर संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में डिजिटल माध्यमों के बढ़ते प्रभाव और भाषा में हो रहे बदलावों पर चर्चा की गई।

संगोष्ठी के मुख्य वक्ता वरिष्ठ पत्रकार एवं उत्तर प्रदेश पत्रकार संघ के अध्यक्ष हेमंत तिवारी ने कहा कि डिजिटल क्रांति ने भाषा के स्वरूप में तेजी से बदलाव किया है। सोशल मीडिया और अन्य डिजिटल प्लेटफॉर्म ने संवाद की गति और पहुंच को काफी बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि ऐसे समय में युवाओं और मीडिया से जुड़े लोगों की जिम्मेदारी है कि वे तथ्यपरक, संयमित और प्रभावशाली भाषा का इस्तेमाल करें।

कार्यक्रम की अध्यक्षता कॉलेज के प्राचार्य डॉ. अब्दुल कादिर खान ने की। उन्होंने कहा कि डिजिटल युग ने भाषा को अभिव्यक्ति के नए मंच और व्यापक पहुंच प्रदान की है। भाषा अब केवल संवाद का माध्यम नहीं रह गई है, बल्कि समाज, संस्कृति और विचारों को प्रभावित करने का प्रभावी साधन भी बन गई है। उन्होंने विद्यार्थियों से डिजिटल माध्यमों का सकारात्मक और रचनात्मक उपयोग करने के साथ भाषा की गरिमा और शुद्धता बनाए रखने की अपील की।

संगोष्ठी में सोशल मीडिया की भाषा, हिंदी और भारतीय भाषाओं में हो रहे बदलाव, नए शब्दों के बढ़ते प्रचलन, भाषायी शुद्धता तथा डिजिटल माध्यमों के जरिए भाषा के प्रचार-प्रसार की संभावनाओं पर विचार-विमर्श हुआ।

कार्यक्रम से पहले मुख्य वक्ता हेमंत तिवारी का पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया गया। उन्हें स्मृति-चिह्न और अंगवस्त्र देकर सम्मानित भी किया गया। कार्यक्रम का संचालन अहमद अब्बास खान ने किया।

इस अवसर पर डॉ. जीवन यादव, आरपी सिंह, हसनैन कमर, दीपू, नवीन मिश्रा, आजम जैदी, डॉ. शाहिदा परवीन, डॉ. आशीष श्रीवास्तव, डॉ. प्रज्वलित यादव, डॉ. तरन्नुम, डॉ. सरिता, डॉ. अलमीना, शादॉं जबीं, फलक, उमरा खान सहित शिक्षक-शिक्षिकाएं और छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

Poonam Report

Related Articles

Back to top button