उत्तर प्रदेशकन्नौजबड़ी खबर

मिलेट्स की खेती और प्रसंस्करण से किसानों की आय बढ़ाने पर जोर

कानपुर। मिलेट्स यानी श्रीअन्न की बढ़ती मांग को देखते हुए किसानों को इसके उत्पादन के साथ-साथ प्रसंस्करण पर भी ध्यान देने की जरूरत है। इससे किसानों को अपनी उपज का बेहतर मूल्य मिल सकता है और उनकी आय में बढ़ोतरी हो सकती है। यह बात सांसद रमेश अवस्थी ने मंगलवार को कैलाश भवन सभागार में आयोजित मिलेट्स महोत्सव में किसानों को संबोधित करते हुए कही।

चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय में राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा एवं पोषण मिशन के तहत जनपद स्तरीय मिलेट्स महोत्सव और उत्तर प्रदेश मिलेट्स पुनरोद्धार योजना के अंतर्गत मिलेट्स रेसिपी कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कृषि विभाग समेत विभिन्न विभागों की ओर से बीज, कृषि रक्षा, मृदा परीक्षण, उद्यान, एफपीओ और जैविक खेती से संबंधित स्टॉल लगाए गए। अलग-अलग क्षेत्रों से पहुंचे किसानों ने इन स्टॉलों का निरीक्षण किया और कृषि विशेषज्ञों से खेती की तकनीकों की जानकारी ली।

सांसद रमेश अवस्थी ने कहा कि भविष्य में मिलेट्स की मांग बढ़ने की संभावना है। किसानों को ज्वार, बाजरा और रागी जैसी श्रीअन्न फसलों का उत्पादन बढ़ाने के साथ उनकी प्रोसेसिंग पर भी ध्यान देना चाहिए। उन्होंने कहा कि श्रीअन्न को वैश्विक स्तर पर पहचान मिलने से इसके निर्यात को भी बढ़ावा मिला है।

विश्वविद्यालय के कुलपति ने खाद्यान्न में आत्मनिर्भरता के साथ तिलहन, दलहन और श्रीअन्न के उत्पादन पर जोर दिया। उन्होंने मिलेट्स को पोषण से भरपूर बताते हुए पोषक फसलों की खेती बढ़ाने की आवश्यकता बताई।

मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि कम लागत में मिलेट्स का उत्पादन किसानों के लिए आय का बेहतर माध्यम बन सकता है। उन्होंने बताया कि किसान, पोषण और व्यापार मिलेट्स से जुड़े प्रमुख पहलू हैं। प्रसंस्करण और उचित विपणन के जरिए किसान अपनी उपज से अतिरिक्त लाभ प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने किसानों की समस्याओं के समाधान में जिला प्रशासन की ओर से सहयोग का भरोसा दिलाया।

संयुक्त कृषि निदेशक धर्मेंद्र कुमार ने किसानों को संतुलित मात्रा में उर्वरकों के इस्तेमाल और प्रतिबंधित कृषि रक्षा रसायनों से बचने की सलाह दी। उन्होंने जैविक और सुरक्षित कृषि पद्धतियों को अपनाने पर जोर दिया। उन्होंने बताया कि विश्वविद्यालय में मिलेट्स प्रसंस्करण इकाई स्थापित की गई है, जहां किसान अपनी उपज का प्रसंस्करण करा सकते हैं।

उप कृषि निदेशक डॉ. आरएस वर्मा ने कृषि विभाग की विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। कृषि वैज्ञानिकों ने किसानों को मिलेट्स और दलहन की उन्नत तकनीकों के बारे में जानकारी देने के साथ उनकी कृषि संबंधी समस्याओं का समाधान किया। कार्यक्रम में कृषि एवं संबंधित विभागों के अधिकारी और बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।

Poonam Report

Related Articles

Back to top button