मुरादाबाद में दिगंबर जैन समाज का पर्यूषण पर्व शुरू, उत्तम क्षमा दिवस पर हुए धार्मिक आयोजन

मुरादाबाद में दिगंबर जैन समाज के पर्वराज पर्यूषण पर्व का शुभारंभ गुरुवार को हुआ। पर्व के पहले दिन को उत्तम क्षमा पर्व के रूप में मनाया गया। इस अवसर पर लोहागढ़ स्थित पार्श्वनाथ दिगंबर जैन मंदिर में भगवान का अभिषेक, पूजन और आरती समेत कई धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए गए।
पहले दिन भगवान के अभिषेक का अवसर जैन समाज के पूर्व अध्यक्ष अनिल जैन-शशि, अंकित-प्रियंका, सानवी और वियान जैन परिवार को प्राप्त हुआ। इसके बाद प्रथम चतुर्थ कलश का सौभाग्य नितिन, अतिशय, विवेक और अशोक जैन को मिला। मंदिर में श्रद्धालुओं ने भक्तिभाव से पूजा-अर्चना की।
शाम को भगवान की आरती का आयोजन किया गया। फर्रुखाबाद से आए संगीतकार अजीत जैन ने भक्ति संगीत प्रस्तुत किया। इसके बाद मध्य प्रदेश के अशोकनगर से आए शास्त्री प्रासु जैन ने उत्तम क्षमा धर्म के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने जैन धर्म में क्षमा के महत्व को बताते हुए कहा कि क्षमा व्यक्ति के मन को शांत करने का माध्यम है।
मंदिर परिसर में विभिन्न आयु वर्ग के लोगों के लिए भजन प्रतियोगिता भी आयोजित की गई। समाज के लोगों ने उत्साहपूर्वक इसमें भाग लिया और प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया। इसके अलावा तीन लकी ड्रॉ का भी आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के अंत में जैन समाज के अध्यक्ष राजीव जैन ने सभी श्रद्धालुओं और आयोजन में सहयोग करने वाले लोगों का आभार जताया। इस दौरान मंत्री अरविंद जैन और कार्यकारिणी के सदस्य, महिला जैन समाज की अध्यक्षा ममता जैन, मंत्री गौरी जैन सहित बड़ी संख्या में महिला और पुरुष श्रद्धालु मौजूद रहे।
Poonam Report



