उत्तर प्रदेशबड़ी खबरलखनऊ

लखनऊ विश्वविद्यालय में पोषण माह का आयोजन, संतुलित खान-पान और मिलेट्स के प्रति छात्रों को किया जागरूक

लखनऊ विश्वविद्यालय के कला संकाय और गृह विज्ञान विभाग के संयुक्त तत्वावधान में पोषण माह 2026 का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को संतुलित पोषण, स्वस्थ जीवनशैली, मोटे अनाज यानी मिलेट्स और पारंपरिक स्थानीय खाद्य पदार्थों के प्रति जागरूक करना रहा।

कार्यक्रम में कुलपति प्रो. जय प्रकाश सैनी ने छात्र-छात्राओं और संकाय सदस्यों की ओर से लगाए गए स्टॉल व प्रदर्शनियों का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने आहार परामर्श और बीएमआई केंद्र में अपना बीएमआई भी मापा और संतुलित आहार को लेकर परामर्श लिया।

पोषण मेले में बाजरा, ज्वार, रागी और कोदो जैसे मोटे अनाजों से जुड़े खाद्य पदार्थों के स्टॉल लगाए गए। विद्यार्थियों ने पौष्टिक और नए व्यंजनों की प्रदर्शनी भी लगाई। इसके अलावा पोषण से जुड़े खेल, पहेलियां और आहार परामर्श की सुविधा भी उपलब्ध रही।

कार्यक्रम में विद्यार्थियों की ओर से नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया गया। नाटक के माध्यम से जंक फूड के दुष्प्रभाव, संतुलित पोषण, पोषण सुरक्षा और कुपोषण से बचाव का संदेश दिया गया। बेहतर प्रदर्शन के लिए नाटक को उत्कृष्ट प्रदर्शन पुरस्कार से सम्मानित किया गया।

समारोह में कुलसचिव डॉ. भावना मिश्रा ने विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कार और प्रशस्ति पत्र प्रदान किए। प्रथम पुरस्कार एमए गृह विज्ञान प्रथम सेमेस्टर, द्वितीय पुरस्कार क्लिनिकल डिप्लोमा इन न्यूट्रिशन एंड डायटेटिक्स और तृतीय पुरस्कार एमए गृह विज्ञान तृतीय सेमेस्टर को मिला। बीए गृह विज्ञान को सांत्वना पुरस्कार दिया गया।

कार्यक्रम के समापन पर विद्यार्थियों, शिक्षकों और विश्वविद्यालय समुदाय ने दैनिक जीवन में संतुलित आहार तथा मिलेट्स आधारित खाद्य पदार्थों को बढ़ावा देने का संकल्प लिया।

Poonam Report.

Related Articles

Back to top button