सेवा बस्तियों की 5100 कन्याओं का पूजन जनभवन में करेगा प्रेरणा परिवार

- प्रेरणा परिवार के कन्या पूजन कार्यक्रम में मुख्य अतिथि रहेगी राज्यपाल आनंदीबेन पटेल
नृपेंद्र विक्रम सिंह
लखनऊ। प्रेरणा परिवार की ओर से नवरात्रि के उपलक्ष्य में आगामी 17 अक्टूबर को जन भवन प्रांगण में 5100 कन्याओं का पूजन किया जायेगा। इसमें लखनऊ के आसपास क्षेत्रों की सेवा बस्तियों से कन्याएं आयेंगी। जन भवन पहुंचने पर कन्याओं का पांव प्रक्षालन के बाद तिलक कर और चुनरी भेंट कर उनका स्वागत किया जायेगा। यह जानकारी गुरुवार को विश्व संवाद केन्द्र में आयोजित प्रेसवार्ता में प्रेरणा के अध्यक्ष गुंजित कालरा ने दी।
गुंजित कालरा ने बताया कि कन्या पूजन कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में राज्यपाल आनंदीबेन पटेल उपस्थित रहेंगी। वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की अखिल भारतीय कार्यकारिणी के सदस्य इन्द्रेश कुमार व हनुमान अंश की निर्माता रागिनी सोना उपस्थित रहेंगी।
प्रेरणा परिवार की सचिव शिखा भार्गव ने बताया कि अपनी सांस्कृतिक व सामाजिक धरोहर को संजोये रखने के उद्देश्य से मार्च 2024 में लखनऊ शहर के 11 युवा दंपतियों के सहयोग से प्रेरणा परिवार का गठन किया गया। संस्था का मूल संकल्प है अपनी सांस्कृतिक विरासत को पुनर्जीवित करना और उसके प्रति गौरव का भाव जगाना है।
प्रशान्त भाटिया ने कहा कि कन्या पूजन का उद्देश्य सामाजिक समरसता का भाव पैदा करना और सेवा बस्तियों के साथ—साथ समाज के प्रबुद्ध लोगों को भी यह अहसास कराना है कि सम्पूर्ण समाज अपना है।
श्लोक चौधरी ने बताया कि प्रेरणा परिवार का उद्देश्य आने वाली पीढ़ियों को सनातनी परम्पराओं और मूल्यों से जोड़ना है। उन्होंने कहा कि सनातन धर्म में भारतीय पर्वों और त्यौहारों को धूमधाम से मानाने की परंपरा रही है, जो युगों से चली आ रही है। यह पर्व हमारी गौरवशाली संस्कृति व आस्था का प्रतीक है।देसी उत्पाद खोजें



