उत्तर प्रदेशकारोबारबड़ी खबर

ग्रेटर नोएडा में 25 सितंबर से यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो, निवेश और निर्यात पर रहेगा फोकस

उत्तर प्रदेश की औद्योगिक और कारोबारी क्षमताओं को देश-विदेश के सामने प्रस्तुत करने के लिए चौथा यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो 2026 आयोजित किया जाएगा। यह आयोजन 25 से 29 सितंबर तक ग्रेटर नोएडा स्थित इंडिया एक्सपो मार्ट में होगा। इसमें प्रदेश के विभिन्न सरकारी विभागों, विकास प्राधिकरणों, औद्योगिक क्षेत्रों, एमएसएमई, ओडीओपी उद्यमियों, निर्यातकों और सेवा क्षेत्र से जुड़े संस्थानों की भागीदारी प्रस्तावित है।

ट्रेड शो में निवेश प्रोत्साहन, औद्योगिक आधारभूत ढांचे, एक्सप्रेसवे, एयरपोर्ट, औद्योगिक विकास प्राधिकरण, कृषि, खाद्य प्रसंस्करण, वस्त्र, इलेक्ट्रॉनिक्स, फार्मा और सेवा क्षेत्रों से जुड़ी गतिविधियों को अलग-अलग हॉल में प्रदर्शित किया जाएगा। आयोजन के माध्यम से निवेशकों, खरीदारों और उद्यमियों के बीच कारोबारी संवाद और संभावित साझेदारी के अवसर उपलब्ध कराने की तैयारी है।

ट्रेड शो के अलग-अलग हॉल में इन्वेस्ट यूपी, यूपी एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण, उत्तर प्रदेश राज्य औद्योगिक विकास प्राधिकरण, नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट और यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण समेत कई संस्थानों की भागीदारी प्रस्तावित है। इसके अलावा सूचना प्रौद्योगिकी एवं इलेक्ट्रॉनिक्स, ऊर्जा, नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा, नगर विकास, पर्यटन एवं संस्कृति, कौशल विकास, स्वास्थ्य, उच्च शिक्षा और बैंकिंग एवं वित्त से जुड़े क्षेत्र भी प्रदर्शित किए जाएंगे।

आयोजन में एक जिला एक उत्पाद यानी ओडीओपी और एमएसएमई को भी विशेष स्थान दिया गया है। ओडीओपी उत्पादों के साथ नए उद्यमियों और एमएसएमई के उत्पादों को प्रदर्शित किया जाएगा। इससे उद्यमियों को अपने उत्पादों की ब्रांडिंग, संभावित खरीदारों से संपर्क और नए बाजारों तक पहुंच बनाने का अवसर मिलने की उम्मीद है।

कृषि, कृषि विपणन, कृषि विदेश व्यापार, खाद्य प्रसंस्करण, उद्यान, डेयरी विकास, चीनी उद्योग, पशुपालन और मत्स्य क्षेत्र से जुड़े संस्थानों की भी भागीदारी प्रस्तावित है। जीआई उत्पादों, पर्यावरण, जलवायु परिवर्तन, खाद्य सुरक्षा और आयुष से जुड़े क्षेत्रों को भी आयोजन में जगह दी गई है।

ट्रेड शो में निर्यातकों, वेयरहाउसिंग और लॉजिस्टिक्स, वस्त्र एवं हथकरघा, खेल तथा अन्य आधुनिक औद्योगिक क्षेत्रों को भी मंच मिलेगा। विकास प्राधिकरणों की भागीदारी के माध्यम से कानपुर, वाराणसी, आगरा, लखनऊ, मेरठ, गाजियाबाद और बुंदेलखंड समेत विभिन्न क्षेत्रों की औद्योगिक एवं निवेश संभावनाओं को सामने रखने की तैयारी है।

आयोजकों की ओर से सरकारी विभागों, उद्योग संगठनों, चैंबरों, संस्थानों और विश्वविद्यालयों को आमंत्रित किया जा रहा है। बी2बी और बी2सी खरीदारों के पंजीकरण की प्रक्रिया के लिए भी तैयारियां की जा रही हैं। ट्रेड शो के माध्यम से उत्तर प्रदेश के स्थानीय उत्पादों, औद्योगिक क्षमताओं और निर्यात से जुड़े अवसरों को एक ही मंच पर प्रदर्शित किया जाएगा।

Poonam Report

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button