नई दिल्ली। एनसीईआरटी ने कक्षा 9 के लिए नई सामाजिक विज्ञान की पुस्तक ‘अंडरस्टैंडिंग सोसायटी: इंडिया एंड बियॉन्ड’ पार्ट-2 जारी की है। नई किताब में भारतीय इतिहास, शासन व्यवस्था, सामाजिक परंपराओं और आधुनिक संवैधानिक मूल्यों से जुड़े कई विषयों को शामिल किया गया है। पुस्तक में मध्यकालीन भारत को ‘प्रतिरोध और दृढ़ता’ के नजरिये से समझाने का प्रयास किया गया है।
नई सामाजिक विज्ञान की किताब में मंदिरों के विध्वंस और पुनर्निर्माण, विभिन्न क्षेत्रीय शक्तियों के संघर्ष और सिख गुरुओं तथा मुगल सत्ता के बीच हुए टकराव का उल्लेख किया गया है। काशी विश्वनाथ मंदिर के इतिहास को भी इसमें स्थान दिया गया है। पुस्तक के अनुसार अलग-अलग दौर में मंदिर को नुकसान पहुंचा और बाद में इसका पुनर्निर्माण हुआ। वर्तमान काशी विश्वनाथ मंदिर का निर्माण 1780 में अहिल्याबाई होल्कर ने कराया था।
किताब में मंदिरों को केवल धार्मिक स्थल के रूप में नहीं, बल्कि सामाजिक, आर्थिक, राजनीतिक और सांस्कृतिक गतिविधियों के केंद्र के रूप में भी समझाया गया है। इसमें बताया गया है कि मंदिरों से वास्तुकार, कारीगर, मूर्तिकार, पुजारी, संगीतकार और प्रशासनिक कर्मचारियों को रोजगार मिलता था। कुछ मंदिरों की भूमिका वित्तीय संस्थानों जैसी भी रही, जहां किसानों, ग्राम सभाओं और व्यापारियों को ऋण दिए जाने का उल्लेख मिलता है।
नई पुस्तक में मथुरा-वृंदावन के मंदिरों के संरक्षण और पुनर्निर्माण का भी जिक्र है। अहिल्याबाई होल्कर द्वारा काशी विश्वनाथ मंदिर के निर्माण के साथ वृंदावन के गोविंद देवजी मंदिर और बुंदेला शासक वीर सिंह द्वारा मथुरा में केशव देव मंदिर के निर्माण का उल्लेख किया गया है।
इतिहास के हिस्से में सिख गुरुओं और मुगल सत्ता के बीच बढ़ते टकराव को भी विस्तार से रखा गया है। इसमें गुरु अर्जन देव और गुरु तेग बहादुर के बलिदान तथा गुरु गोबिंद सिंह के दौर की घटनाओं का उल्लेख किया गया है। पुस्तक इन घटनाओं को सिख समुदाय में संगठित प्रतिरोध की भावना मजबूत होने के ऐतिहासिक संदर्भ से जोड़ती है।
किताब में मेवाड़, अहोम, मराठा, राजपूत, विजयनगर, सिख और जाट जैसी विभिन्न क्षेत्रीय शक्तियों के प्रतिरोध और राजनीतिक संघर्षों को भी शामिल किया गया है। 1000 से 1700 के बीच के दौर में बाहरी आक्रमणों के सामने क्षेत्रीय शक्तियों की प्रतिक्रिया और परंपराओं के संरक्षण को भी समझाया गया है।
नई किताब में ‘राम राज्य’ की अवधारणा को भी शामिल किया गया है। इसे महात्मा गांधी की सुशासन संबंधी कल्पना के संदर्भ में बताया गया है। इसके साथ ‘राजधर्म’, ‘सत्यमेव जयते’ और शासन से जुड़े भारतीय विचारों को आधुनिक संवैधानिक व्यवस्था के संदर्भ में समझाने का प्रयास किया गया है।
इस पुस्तक में महाभारत में वर्णित राजधर्म, उपनिषदों से जुड़े विचार और चोल परंपरा से संबंधित सेंगोल जैसे विषयों को भी जगह दी गई है। इस तरह नई सामाजिक विज्ञान पुस्तक में भारतीय इतिहास और परंपराओं के साथ शासन व्यवस्था तथा आधुनिक सामाजिक-राजनीतिक अवधारणाओं को भी पाठ्यक्रम का हिस्सा बनाया गया है।
Poonam Report.



