उत्तर प्रदेशलखनऊ

फोरलेन के पुल निर्माण में बिजली चोरी करते पकड़ा ठेकेदार का कर्मचारी, विभाग ने लगाया 2.11 लाख का जुर्माना

ज्वालामुखी (ब्यूरो): कांगड़ा जिला के उपमंडल ज्वालामुखी में बिजली विभाग के वरिष्ठ अधिशासी अभियंता करणवीर सिंह पटियाल ने बिजली चोरी करने का मामला पकड़ा है। इस मामले में लगभग 2.11 लाख रुपए का जुर्माना किया गया है। जानकारी के अनुसार बिजली विभाग की फ्लाइंग स्क्वायड ने ठेहड़ा में पुल के पास फोरलेन का कार्य करने वाले एक ठेकेदार के कर्मचारी को बिजली चोरी करने के मामले में रंगे हाथों पकड़ा है। फोरलेन ठेकेदार द्वारा पुल का निर्माण किया जा रहा है, जिसके कारण वहां वैल्डिंग मशीनें व अन्य उपकरण सीधी तारों से जोड़े हुए थे। निर्माण के दौरान बिजली की सीधी चोरी की जा रही थी। विभाग के कर्मचारियों द्वारा उक्त जगह की तस्वीरें खींची गई और वहां मौजूद वैल्डिंग मशीन जोकि पानी में थी, उसे भी जब्त किया गया।

बिजली विभाग के वरिष्ठ अधिशासी अभियंता करणवीर सिंह पटियाल ने बताया कि विभाग द्वारा उक्त ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई अमल में लाई गई है, जिसमें उसके खिलाफ अवैध रूप से बिजली के इस्तेमाल करने पर 2 लाख 11 हजार 721 रुपए जुर्माना लगाया गया है। वहीं इस राशि का भुगतान एक हफ्ते के अंदर करने की बात भी कही है। अधिकारी ने बताया कि इस ठेकेदार पर पिछले लगभग 3 महीने से गलत तरीके से बिजली चोरी करने की वजह से यह जुर्माना लगाया गया है। करणवीर पटियाल ने बताया कि ऐसे बिजली चोरी करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा और कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

Related Articles

Back to top button