राष्ट्रीय

राष्ट्रपति मुर्मू और PM मोदी ने लोगों को दी सिक्किम स्थापना दिवस की बधाई, कहा- Sikkim ने सतत विकास का बेहतरीन उदाहरण प्रस्तुत किया

नई दिल्ली। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने सिक्किम के लोगों को शुक्रवार को उनके राज्य स्थापना दिवस पर बधाई दी और कहा कि राज्य ने प्रकृति के साथ सामंजस्यपूर्ण सह-अस्तित्व प्रदर्शित करते हुए सतत विकास के बेहतरीन उदाहरण पेश किए हैं।

राष्ट्रपति ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘मैं सिक्किम के सभी निवासियों का भविष्य समृद्धि से भरा होने और उनके कल्याण की कामना करती हूं।’’ सिक्किम 16 मई, 1975 को देश का 22 वां राज्य बना था।

राष्ट्रपति मुर्मू ने कहा, ‘‘सिक्किम के लोगों को राज्य स्थापना दिवस पर हार्दिक बधाई। सिक्किम अपनी असीम प्राकृतिक सुंदरता, समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और अपने लोगों की गर्मजोशी के लिए पहचाना जाता है। भारत में पर्यावरण के प्रति सर्वाधिक जागरुक राज्यों में से एक के रूप में सिक्किम ने प्रकृति के साथ सामंजस्यपूर्ण सह-अस्तित्व को प्रदर्शित करते हुए सतत विकास के बेहतरीन उदाहरण पेश किए हैं।’’

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को सिक्किम के राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर वहां के लोगों को शुभकामनाएं दीं और विभिन्न क्षेत्रों में राज्य में हुई प्रगति की सराहना की।

मोदी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर कहा, “सिक्किम के लोगों को उनके राज्य दिवस पर हार्दिक बधाई! इस वर्ष यह अवसर और भी विशेष है, क्योंकि हम सिक्किम के राज्य बनने की 50वीं वर्षगांठ मना रहे हैं!” उन्होंने कहा, “सिक्किम की पहचान उसकी शांत प्राकृतिक सुंदरता, समृद्ध सांस्कृतिक परंपराओं और मेहनती लोगों से होती है। उसने विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रगति की है। मेरी कामना है कि इस सुंदर राज्य के लोग निरंतर समृद्ध होते रहें।”

Related Articles

Back to top button