LinkedIn की एक नई रिपोर्ट के अनुसार, भारत में 83% Gen Z पेशेवर नेटवर्किंग करने से झिझकते हैं, जबकि 79% मानते हैं कि करियर के लिए अच्छे पेशेवर संबंध महत्वपूर्ण हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, नौकरी चाहने वालों के पास अगर कंपनी के अंदर कोई संपर्क हो तो उनके चयन की संभावना बिना संपर्क वाले उम्मीदवारों की तुलना में करीब 8.5 गुना अधिक हो सकती है।
रिपोर्ट में नेटवर्किंग से दूरी के कई कारण सामने आए हैं। करीब 44% युवाओं को डर रहता है कि उन्हें गलत तरीके से आंका जाएगा, 39% को लगता है कि वे सामने वाले को परेशान कर सकते हैं और 37% को चिंता रहती है कि वे बनावटी लगेंगे। वहीं, 52% युवाओं ने कहा कि उन्हें यह पता ही नहीं कि नेटवर्किंग शुरू कहां से और कैसे करें।
रिपोर्ट के अनुसार, भारत के करीब 30% Gen Z पेशेवरों को उनकी अगली नौकरी ऑनलाइन पेशेवर समुदायों के जरिए मिली। इसके बावजूद 59% युवाओं का कहना है कि किसी ने उन्हें यह स्पष्ट रूप से नहीं सिखाया कि पेशेवर रिश्ते कैसे बनाए जाते हैं। दूसरी ओर, 92% Millennials और 95% Gen X पेशेवरों ने कहा कि वे करियर की शुरुआत करने वाले युवाओं की मदद और सलाह देने के लिए तैयार हैं।
Poonam Report



