
औरैया, 12 सितंबर 2026: अखिल भारतीय वैश्य एकता परिषद के दो दिवसीय राष्ट्रीय अधिवेशन में शामिल होने के लिए शनिवार को औरैया से वैश्य समाज के लोग, महिलाएं और युवा प्रयागराज के लिए रवाना हुए। सुबह करीब नौ बजे संजय गेट से यात्रा बस को नगर पालिका अध्यक्ष अनूप गुप्ता ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
12 और 13 सितंबर को होगा राष्ट्रीय अधिवेशन
राष्ट्रीय अधिवेशन का आयोजन 12 और 13 सितंबर को झूंसी-प्रयागराज स्थित स्वामी भजनानंद मृत्युंजय धाम में किया जा रहा है। कार्यक्रम राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. सुमन्त गुप्ता और महामंडलेश्वर स्वामी हरिहरानंद सरस्वती के सानिध्य में आयोजित होगा। इसमें वैश्य समाज की वर्तमान स्थिति, भविष्य की दिशा और राजनीतिक भागीदारी जैसे मुद्दों पर चर्चा की जाएगी।
समाज की एकजुटता पर रहेगा जोर
परिषद के राष्ट्रीय सचिव आनंद नाथ गुप्ता एडवोकेट ने बताया कि अधिवेशन में शामिल होने वाले लोगों के लिए आने-जाने के साथ ठहरने, जलपान और भोजन की व्यवस्था निःशुल्क रखी गई है। उन्होंने कहा कि यह आयोजन समाज की एकजुटता और राजनीतिक भागीदारी को लेकर महत्वपूर्ण मंच साबित होगा।
यात्रा की जिम्मेदारी पदाधिकारियों को सौंपी गई
यात्रा को व्यवस्थित बनाने के लिए परिषद के जिलाध्यक्ष विपिन पोरवाल (बंटू), जिला महामंत्री नरेश चंद्र शिवहरे, राष्ट्रीय प्रधान महासचिव (युवा) एवं समाजसेवी अभिषेक गुप्ता और प्रदेश उपाध्यक्ष विष्णु गहोई को यात्रा संयोजक बनाया गया है।
रविवार शाम औरैया लौटेगी बस
अधिवेशन समाप्त होने के बाद रविवार शाम करीब पांच बजे यात्रा बस प्रयागराज से औरैया के लिए रवाना होगी। इसके रात करीब 10 बजे औरैया पहुंचने की जानकारी दी गई है। बस रवाना होने के दौरान बड़ी संख्या में वैश्य समाज के लोग, महिलाएं और युवा मौजूद रहे।
Poonam Report



