फिरोजाबाद कलेक्ट्रेट में शुरू हुई धन्वन्तरि वाटिका, औषधीय पौधों की मिलेगी जानकारी

फिरोजाबाद। आयुर्वेद दिवस और सेवा संकल्प अभियान के अवसर पर बुधवार को कलेक्ट्रेट परिसर में धन्वन्तरि वाटिका का शुभारंभ किया गया। जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने अपर जिलाधिकारी कल्पना जायसवाल के साथ वाटिका का शुभारंभ किया।
जिलाधिकारी ने कहा कि इस पहल का उद्देश्य लोगों को औषधीय गुणों वाले पौधों के बारे में जानकारी देना और आयुर्वेद के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। वाटिका में विभिन्न प्रकार के पेड़, पौधे और वनस्पतियां अलग-अलग सेक्टर में लगाई जाएंगी और उनके रखरखाव की नियमित व्यवस्था की जाएगी।
उन्होंने बताया कि वाटिका में लगाए जाने वाले प्रत्येक पौधे के नाम और उसके औषधीय गुणों की जानकारी भी प्रदर्शित की जाएगी। इससे कलेक्ट्रेट आने वाले लोग पौधों की पहचान करने के साथ उनके बारे में जानकारी प्राप्त कर सकेंगे।
कलेक्ट्रेट परिसर के सुंदरीकरण के साथ लोगों की आयुर्वेद में रुचि बढ़ाने के उद्देश्य से विभिन्न प्रजातियों के औषधीय पौधे लगाए जाने की योजना बनाई गई है। इसमें एलोवेरा और तुलसी सहित कई प्रमुख पौधों के लिए अलग-अलग विशेष क्षेत्र बनाए जाएंगे।
जिलाधिकारी ने कहा कि भारतीय परंपरा और आयुर्वेद में औषधीय पौधों का विशेष महत्व रहा है। धन्वन्तरि वाटिका के माध्यम से लोगों को इन पौधों की उपयोगिता और संरक्षण के प्रति जागरूक करने का प्रयास किया जा रहा है।
Poonam Report



