यूपी ट्रेड शो में दिखेगा फिरोजाबाद के कांच उद्योग का हुनर, 46 उद्यमी लगाएंगे 54 स्टॉल

फिरोजाबाद। ग्रेटर नोएडा में आयोजित होने वाले उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो-2026 में फिरोजाबाद का प्रसिद्ध कांच उद्योग अंतरराष्ट्रीय बाजार के सामने अपनी पहचान पेश करेगा। जिले के 46 उद्यमी कुल 54 स्टॉल लगाकर कांच और ग्लासवेयर से जुड़े उत्पादों के साथ अन्य स्थानीय उत्पादों का प्रदर्शन करेंगे।
ट्रेड शो में फिरोजाबाद के पारंपरिक कांच के सामान, झूमर, सजावटी उत्पाद और आधुनिक ग्लासवेयर की विभिन्न श्रेणियां प्रदर्शित की जाएंगी। इसके अलावा जिले के डेयरी, टेक्सटाइल और गारमेंट क्षेत्र से जुड़े उत्पाद भी स्टॉलों पर देखने को मिलेंगे।
आयोजकों के अनुसार, ट्रेड शो स्थानीय उद्यमियों और नवोदित निर्यातकों को देश-विदेश से आने वाले खरीदारों और व्यापारिक प्रतिनिधियों से सीधे जुड़ने का अवसर देगा। बी2बी बैठकों के माध्यम से उद्यमियों को नए कारोबारी संपर्क और निर्यात के अवसर मिलने की संभावना है।
एक जिला-एक उत्पाद (ओडीओपी) योजना के तहत कांच उद्योग से जुड़े कारीगरों को प्रशिक्षण, पैकेजिंग और वित्तीय सहायता जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराने की जानकारी भी दी गई है। ट्रेड शो के जरिए इन उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।
उपायुक्त उद्योग संध्या यादव के अनुसार, ट्रेड शो फिरोजाबाद के कांच उद्योग और स्थानीय उद्यमियों के लिए अंतरराष्ट्रीय बाजार से जुड़ने का अवसर है। उन्होंने बताया कि जिले के 46 उद्यमी 54 स्टॉलों के माध्यम से ग्लासवेयर, टेक्सटाइल और डेयरी उत्पादों का प्रदर्शन करेंगे।
Poonam Report



