उत्तर प्रदेशप्रयागराज

राधाकांत ओझा के राज्यसभा उम्मीदवार बनने पर प्रयागराज में खुशी, अधिवक्ताओं और कार्यकर्ताओं ने किया स्वागत

प्रयागराज। भारतीय जनता पार्टी ने इलाहाबाद हाईकोर्ट के वरिष्ठ अधिवक्ता और इलाहाबाद हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष राधाकांत ओझा को राज्यसभा द्विवार्षिक चुनाव-2026 के लिए अपना उम्मीदवार घोषित किया है। सोमवार को भाजपा की ओर से उम्मीदवारों की सूची जारी होने के बाद प्रयागराज में पार्टी कार्यकर्ताओं और अधिवक्ताओं के बीच खुशी का माहौल देखने को मिला। कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने राधाकांत ओझा को बधाई देते हुए उनके आगामी कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं दीं।

राज्यसभा उम्मीदवार बनाए जाने की जानकारी मिलने के बाद राधाकांत ओझा सबसे पहले राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के कार्यालय पहुंचे। इसके बाद वह सिविल लाइंस स्थित भाजपा कार्यालय पहुंचे, जहां भाजपा काशी क्षेत्र के उपाध्यक्ष अवधेश चंद्र गुप्ता और महानगर अध्यक्ष संजय गुप्ता के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत और अभिनंदन किया।

इस अवसर पर राधाकांत ओझा ने कहा कि वह भाजपा संगठन में बूथ स्तर के कार्यकर्ता के रूप में काम कर चुके हैं। संगठन ने समय-समय पर उन्हें जो जिम्मेदारियां दीं, उनका उन्होंने ईमानदारी और निष्ठा के साथ निर्वहन किया। राज्यसभा उम्मीदवार बनाए जाने पर उन्होंने पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के प्रति आभार जताया।

उन्होंने कहा कि भाजपा में एक सामान्य कार्यकर्ता भी अपनी मेहनत और निष्ठा के आधार पर संगठन में आगे बढ़ सकता है। पार्टी ने उन पर जो विश्वास जताया है, उस पर खरा उतरने का वह पूरा प्रयास करेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा पूरी मजबूती के साथ मैदान में उतरेगी।

राधाकांत ओझा ने कहा कि भाजपा का कार्यकर्ता जिम्मेदारी से पीछे नहीं हटता। संगठन की नजर में प्रत्येक कार्यकर्ता महत्वपूर्ण है और समय आने पर उसकी योग्यता के अनुसार जिम्मेदारी दी जाती है। उन्होंने कहा कि वह अधिवक्ताओं के हितों और भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ मजबूती से खड़े रहेंगे।

स्वागत कार्यक्रम में डॉ. शैलेश पांडेय, विक्रमजीत सिंह भदौरिया, आनंद सोनकर, प्रमोद मोदी, दीप द्विवेदी, राजेश गोंड, विवेक मिश्रा, पवन श्रीवास्तव, शुभम सिंह, दिलीप चौरसिया और अजय सिंह समेत बड़ी संख्या में अधिवक्ता और भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Poonam Report.

Related Articles

Back to top button