संविधान गौरव दिवस पर बाबा साहेब को किया नमन, फर्रुखाबाद के 39 स्थलों का होगा कायाकल्प

फर्रुखाबाद। संविधान गौरव दिवस के अवसर पर गुरुवार को जनपद फर्रुखाबाद में भारत रत्न डॉ. भीमराव आंबेडकर को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके विचारों, संघर्ष और सामाजिक न्याय के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया गया। प्रदेश सरकार की डॉ. बीआर आंबेडकर मूर्ति विकास योजना के तहत जिले के 39 चयनित स्थलों पर महापुरुषों की प्रतिमाओं के नवीनीकरण और परिसर के सौंदर्यीकरण का कार्य कराया जा रहा है। इसी क्रम में विभिन्न स्थानों पर पूजन कार्यक्रम आयोजित किए गए।
प्रदेशव्यापी कार्यक्रम का मुख्य आयोजन लखनऊ स्थित लोक भवन में मुख्यमंत्री की उपस्थिति में हुआ। इसका सजीव प्रसारण जिले की विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों के चयनित स्थलों पर किया गया। विधानसभा अमृतपुर के शेराखार गौटिया में विधायक सुशील कुमार शाक्य की मौजूदगी में कार्यक्रम आयोजित हुआ, जबकि कायमगंज विधानसभा क्षेत्र के बराबिकू में विधायक डॉ. सुरभि ने सहभागिता की। इस दौरान बाबा साहेब की प्रतिमाओं से जुड़े विकास कार्यों के तहत पूजन किया गया।
योजना के अंतर्गत फर्रुखाबाद के 39 स्थलों पर प्रतिमाओं का नवीनीकरण, परिसरों का सौंदर्यीकरण और आवश्यक विकास कार्य कराए जाएंगे। प्रदेश स्तर पर इस योजना के तहत कुल 3,955 स्थलों को विकास कार्यों के लिए चयनित किया गया है। इन कार्यों का उद्देश्य महापुरुषों की स्मृतियों को संरक्षित करने के साथ-साथ उनके विचारों और योगदान को नई पीढ़ी तक पहुंचाना है।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने डॉ. भीमराव आंबेडकर के जीवन संघर्ष, शिक्षा के प्रति उनकी प्रतिबद्धता और सामाजिक समानता के लिए किए गए प्रयासों को याद किया। उन्होंने कहा कि भारतीय संविधान में निहित न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व के सिद्धांत एक मजबूत एवं न्यायपूर्ण समाज की आधारशिला हैं। बाबा साहेब के विचार आज भी सामाजिक भेदभाव को दूर करने और सभी को समान अधिकार दिलाने की प्रेरणा देते हैं।
इस अवसर पर संबंधित विकास खंडों के खंड विकास अधिकारी, जिला समाज कल्याण अधिकारी, ब्लॉक स्तरीय अधिकारी-कर्मचारी और समाज कल्याण विभाग के कार्मिक उपस्थित रहे।
Poonam Report.



