हमीरपुर में तिल के खेत में मिला 33 वर्षीय युवक का शव

हमीरपुर जिले के बिवांर थाना क्षेत्र में मंगलवार को तिल के खेत में 33 वर्षीय युवक का शव मिलने से हड़कंप मच गया। शव छानी-इंगोहटा मार्ग से करीब एक किलोमीटर दूर खेत में नीम के पेड़ के पास मिला। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर आवश्यक साक्ष्य जुटाए।
जानकारी के अनुसार, एक किसान मंगलवार को अपनी फसल देखने खेत पहुंचा था। इसी दौरान उसे खेत में युवक का शव दिखाई दिया। किसान ने इसकी जानकारी ग्रामीणों और पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। मृतक की पहचान ललपुरा थाना क्षेत्र के स्वासा खुर्द गांव निवासी संतलाल उर्फ आशुतोष विश्वकर्मा के रूप में हुई है। सूचना मिलने के बाद मृतक के परिजन भी घटनास्थल पर पहुंच गए।
परिजनों के अनुसार, संतलाल दो भाइयों में बड़ा था और उसकी शादी मार्च 2025 में हुई थी। कुछ समय बाद वैवाहिक विवाद के चलते उसकी पत्नी मायके चली गई थी और बाद में न्यायालय में मुकदमा दर्ज कराया गया था। परिजनों का कहना है कि इसके बाद से संतलाल तनाव में रहने लगा था। सोमवार शाम वह घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा।
पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा। पुलिस और फॉरेंसिक टीम मामले की जांच कर रही है। मृतक के छोटे भाई की ओर से भी मानसिक तनाव के चलते आत्महत्या की आशंका जताते हुए तहरीर दी गई है।
Poonam Report



