अमेठी में आकाशीय बिजली गिरने से पेड़ गिरा, नीचे दबकर बुजुर्ग की मौत

अमेठी। जिले के जामो थाना क्षेत्र के वैदपुरा सूखी गांव में आकाशीय बिजली गिरने के दौरान पेड़ के नीचे दबकर एक बुजुर्ग की मौत हो गई। परिजनों ने काफी तलाश के बाद उनका शव पेड़ के नीचे दबा हुआ बरामद किया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और पंचायतनामा की कार्रवाई शुरू कर दी।
वैदपुरा सूखी गांव निवासी 60 वर्षीय हजारीलाल शनिवार शाम करीब तीन बजे बकरी चराने के लिए बाग की ओर गए थे। इसी दौरान क्षेत्र में आकाशीय बिजली गिरने की घटना हुई। बताया गया कि बिजली की चपेट में आने से पेड़ गिर गया और हजारीलाल उसके नीचे दब गए।
काफी देर तक घर वापस नहीं लौटने पर उनके पुत्र मोहम्मद शाहिद ने उनकी तलाश शुरू की, लेकिन उनका पता नहीं चला। रविवार को दोबारा तलाश करने पर हजारीलाल पेड़ के नीचे दबे मिले। ग्रामीणों के अनुसार शनिवार देर शाम घटनास्थल के आसपास आकाशीय बिजली की चमक और तेज आवाज भी सुनाई दी थी।
जामो थाना प्रभारी विनोद कुमार सिंह ने बताया कि मृतक के पुत्र मोहम्मद शाहिद की तहरीर पर पुलिस ने पंचायतनामा की कार्रवाई शुरू कर दी है।
Poonam Report.



