आरएसएस के पूर्व क्षेत्र संघचालक प्रोफेसर डीपी सिंह का निधन

लखनऊ में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के पूर्वी उत्तर प्रदेश क्षेत्र के पूर्व क्षेत्र संघचालक प्रोफेसर देवेंद्र प्रताप सिंह का गुरुवार रात 92 वर्ष की आयु में निधन हो गया। उनके निधन की जानकारी सामने आने के बाद विभिन्न सामाजिक संगठनों और उनके परिचितों में शोक की लहर है।
प्रोफेसर देवेंद्र प्रताप सिंह मूल रूप से जौनपुर जिले की मड़ियाहूं तहसील के रहने वाले थे। उन्होंने काशी हिंदू विश्वविद्यालय के आईआईटी विभाग में प्राध्यापक के रूप में भी कार्य किया। इसके बाद वह लखनऊ विश्वविद्यालय और राजर्षि टंडन मुक्त विश्वविद्यालय के कुलपति रहे।
शिक्षा के क्षेत्र में लंबे समय तक योगदान देने के साथ प्रोफेसर सिंह राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से भी जुड़े रहे और पूर्वी उत्तर प्रदेश क्षेत्र के क्षेत्र संघचालक की जिम्मेदारी संभाली। उनके निधन पर संघ से जुड़े विभिन्न पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने शोक व्यक्त किया।
उनके परिवार में पुत्र प्रोफेसर संजय सिंह हैं, जो लखनऊ स्थित शकुंतला मिश्रा राष्ट्रीय पुनर्वास विश्वविद्यालय के कुलपति हैं। प्रोफेसर डीपी सिंह के निधन पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के साथ विश्व हिंदू परिषद, अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद, भारतीय किसान संघ और भारतीय मजदूर संघ सहित विभिन्न संगठनों से जुड़े लोगों ने शोक जताया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रोफेसर देवेंद्र प्रताप सिंह का अंतिम संस्कार शुक्रवार 18 सितंबर को सुबह 11 बजे लखनऊ के बैकुंठधाम, भैंसाकुंड में किया जाएगा।
Poonam Report



