अलीगढ़

अलीगढ़ में सोते समय चार साल की बच्ची को ले गई मां, 72 घंटे में वृंदावन से बरामद

अलीगढ़। सासनीगेट थाना क्षेत्र के आगरा रोड स्थित झुग्गियों से लापता हुई चार साल की बच्ची को पुलिस ने 72 घंटे के भीतर वृंदावन से सकुशल बरामद कर लिया। जांच के दौरान सामने आया कि बच्ची को उसकी मां ही अपने साथ लेकर गई थी। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज की मदद से महिला की पहचान की और उसकी तलाश करते हुए वृंदावन पहुंची।

एसपी सिटी आदित्य बंसल के अनुसार, बच्ची अपने परिवार के साथ आगरा रोड की झुग्गियों में रहती थी। बृहस्पतिवार तड़के परिजनों के सोकर उठने पर बच्ची बिस्तर से गायब मिली। आसपास तलाश करने के बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसमें एक महिला बच्ची को गोद में लेकर जाती दिखाई दी।

जांच के दौरान महिला की पहचान बच्ची की मां के रूप में हुई। पुलिस को जानकारी मिली कि वह वृंदावन में है। इसके बाद पुलिस टीम ने वहां पहुंचकर बच्ची को सकुशल बरामद कर लिया। पूछताछ में मां ने बताया कि उसे आशंका थी कि बच्ची की बुआ और परिवार वाले उसे उसके साथ नहीं जाने देंगे, इसलिए वह बच्ची को अपने साथ ले गई थी। पुलिस के अनुसार बच्ची को उसकी मां के सुपुर्द कर दिया गया है।

इसी बीच अलीगढ़ में दो वर्षीय रवि के लापता होने का एक अलग मामला भी सामने आया है। परिवार के अनुसार 15 सितंबर को रवि अपनी पांच वर्षीय बहन के साथ खेल रहा था। दोनों एक दुकान तक पहुंचे, लेकिन इसके बाद रवि वहां से लापता हो गया और उसकी बहन वापस डेरे पर लौट आई।

परिजनों ने आसपास के डेरों और एटा चुंगी से बौनेर तक बच्चे की तलाश की। करीब दो घंटे की तलाश के बाद 112 नंबर पर सूचना दी गई और शाम को थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई गई। पुलिस रवि की तलाश में जुटी हुई है।

Poonam Report

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button