कानपुर में गंगा का जलस्तर एक सेंटीमीटर घटा, खतरे के निशान से 26 सेंटीमीटर नीचे

कानपुर में गंगा नदी के जलस्तर में रविवार को मामूली कमी दर्ज की गई। बैराज पर गंगा का अपस्ट्रीम जलस्तर एक सेंटीमीटर घटकर 114.740 मीटर पहुंच गया। इसके बावजूद जलस्तर चेतावनी बिंदु से 74 सेंटीमीटर ऊपर बना हुआ है, जबकि खतरे के निशान 115 मीटर से यह 26 सेंटीमीटर नीचे है।
शनिवार को बैराज पर अपस्ट्रीम जलस्तर 114.750 मीटर और डाउनस्ट्रीम 114.380 मीटर दर्ज किया गया था। रविवार को डाउनस्ट्रीम जलस्तर भी एक सेंटीमीटर घटकर 114.370 मीटर हो गया। बैराज से पानी के डिस्चार्ज में भी कमी आई है। रविवार को 4,20,691 क्यूसेक पानी छोड़ा गया, जबकि शनिवार को यह मात्रा 4,21,854 क्यूसेक थी।
कानपुर बैराज पर गंगा का चेतावनी बिंदु 114 मीटर और खतरे का निशान 115 मीटर निर्धारित है। वहीं शुक्लागंज में गंगा का जलस्तर 113.120 मीटर दर्ज किया गया, जो चेतावनी बिंदु से 12 सेंटीमीटर ऊपर है। यहां शनिवार के मुकाबले जलस्तर में दो सेंटीमीटर की बढ़ोतरी हुई है।
हरिद्वार बैराज से 81,135 क्यूसेक और नरोरा बैराज से 67,667 क्यूसेक पानी का डिस्चार्ज दर्ज किया गया। प्रशासन गंगा के जलस्तर और बाढ़ प्रभावित व संवेदनशील इलाकों की स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है। जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने संबंधित विभागों और अधिकारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं।
Poonam Report



