कानपुर में सड़क निर्माण की गुणवत्ता जांचने देर रात पहुंचे नगर आयुक्त, 24 घंटे में मलबा हटाने के निर्देश

कानपुर में नगर निगम क्षेत्र में चल रहे सड़क निर्माण और मरम्मत कार्यों की गुणवत्ता जांचने के लिए नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय ने देर रात कई स्थानों का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों और कार्यदायी संस्थाओं को सड़क निर्माण निर्धारित मानकों के अनुसार पूरा करने और निर्माण स्थलों पर जमा मलबा, मिट्टी तथा सीएंडडी वेस्ट तत्काल हटाने के निर्देश दिए।
नगर आयुक्त ने सबसे पहले जोन-6 के काकादेव क्षेत्र के वार्ड-20 में प्लांट के माध्यम से चल रहे सड़क निर्माण और मरम्मत कार्य का निरीक्षण किया। उन्होंने तकनीकी पैमाने से सड़क की मोटाई की भी जांच की। इस दौरान क्षेत्रीय पार्षद, सहायक अभियंता और कार्यदायी संस्था की टीम मौजूद रही। उन्होंने स्पष्ट किया कि सड़क निर्माण की गुणवत्ता में किसी भी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
इसके बाद देवकी चौराहा से छपेड़ा पुलिया की ओर जाने वाले मार्ग पर चल रहे ट्रेंच खुदाई कार्य का निरीक्षण किया गया। नगर आयुक्त ने बताया कि पहले भी इस काम को पूरा कराने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन अपेक्षित प्रगति नहीं मिली। इसके बाद क्षेत्रीय जोनल अभियंता को चेतावनी जारी करने के निर्देश दिए गए और दोनों पालियों में टीम लगाकर काम तेज करने को कहा गया।
दीप सिनेमा से सोटे बाबा मंदिर तक सीएम ग्रिड के तहत चल रहे सड़क निर्माण कार्य का भी निरीक्षण किया गया। हुंडई शोरूम और पुलिस चौकी के पास मलबा और कूड़ा मिलने पर नगर आयुक्त ने नाराजगी जताई। कार्यदायी संस्था को पुलिस चौकी के पास जमा सीएंडडी वेस्ट, मिट्टी और मलबा हटाने के निर्देश दिए गए। साथ ही 24 घंटे के भीतर सफाई नहीं होने पर संस्था के खिलाफ कार्रवाई और जुर्माने की चेतावनी दी गई।
यू.पी. किराना स्कूल के पास सीएम ग्रिड के कार्य का निरीक्षण करते हुए सड़क को तत्काल साफ कराने के निर्देश दिए गए। संबंधित संस्था ने बताया कि यूटिलिटी शिफ्टिंग का काम पूरा हो चुका है, जबकि जल निगम की एक पाइपलाइन की कनेक्टिंग का काम बाकी है। इसे दो दिन में पूरा करने की जानकारी दी गई।
नगर आयुक्त ने इस मार्ग पर डीजीबीएम का काम भी जल्द शुरू कराने के निर्देश दिए। संबंधित संस्था ने 25 सितंबर से काम शुरू कर पांच दिन में पूरा करने की जानकारी दी है। इसके अनुसार 30 सितंबर तक मार्ग की दोनों दिशाओं में डीजीबीएम का काम पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
नगर आयुक्त ने सभी संबंधित अधिकारियों और कार्यदायी संस्थाओं को सड़क निर्माण की गुणवत्ता बनाए रखने, निर्माण स्थलों पर सफाई रखने और निर्धारित समयसीमा के भीतर कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।
Poonam Report



