उत्तर प्रदेशबड़ी खबरलखनऊ

जनता दर्शन में मुख्यमंत्री योगी ने सुनीं फरियादें, अधिकारियों को त्वरित समाधान के निर्देश

लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को अपने सरकारी आवास पांच कालीदास मार्ग पर जनता दर्शन कार्यक्रम में प्रदेश के अलग-अलग जिलों से आए लोगों की समस्याएं सुनीं। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार हर पीड़ित की उचित समस्या का समाधान कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने अधिकारियों को शिकायतों का संवेदनशीलता और तेजी से निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री जनता दर्शन में कुर्सियों पर बैठे फरियादियों के पास स्वयं पहुंचे और उनकी समस्याओं को ध्यान से सुना। उन्होंने लोगों के प्रार्थना पत्र संबंधित अधिकारियों को भेजते हुए त्वरित और संतोषजनक कार्रवाई के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने यह भी भरोसा दिलाया कि पात्र लोगों को सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाया जाएगा और जरूरतमंद मरीजों के इलाज की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।

योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को जमीन पर अवैध कब्जा करने वाले भू-माफिया और दबंगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने को कहा। राजस्व और कानून-व्यवस्था से जुड़े मामलों को भी प्राथमिकता के आधार पर जल्द निस्तारित करने के निर्देश दिए गए।

जनता दर्शन में पुलिस से संबंधित शिकायतें भी मुख्यमंत्री के सामने पहुंचीं। इस पर उन्होंने पुलिस अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि थाना, चौकी और बीट स्तर पर किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पुलिस आयुक्त, एडीजी, आईजी, डीआईजी और एसएसपी स्तर के अधिकारियों को मामलों पर गंभीरता से ध्यान देने और दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने अभिभावकों के साथ आए बच्चों से भी बातचीत की। उन्होंने बच्चों से उनकी पढ़ाई और रुचियों के बारे में जानकारी ली तथा उन्हें मन लगाकर पढ़ाई करने के साथ खेल, संगीत और कला जैसी गतिविधियों में भी भाग लेने के लिए प्रेरित किया। मुख्यमंत्री ने बच्चों को चॉकलेट देकर उनके उज्ज्वल भविष्य का आशीर्वाद दिया।

Poonam Report

Related Articles

Back to top button