उत्तर प्रदेशहाथरस

हाथरस में डीएम ने जिला अस्पताल का किया औचक निरीक्षण, व्यवस्थाएं सुधारने के निर्देश

हाथरस। नवागत जिलाधिकारी सत्य प्रकाश पटेल ने सोमवार को बागला संयुक्त जिला अस्पताल और जिला महिला चिकित्सालय का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने चिकित्सकों की उपस्थिति, स्वास्थ्य सेवाओं, साफ-सफाई और मरीजों को मिल रही सुविधाओं का जायजा लिया। डीएम ने कहा कि अस्पताल आने वाले प्रत्येक मरीज को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना प्राथमिकता है।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी लेने के साथ पर्चा काउंटर का भी निरीक्षण किया। कर्मचारियों ने बताया कि अस्पताल में प्रतिदिन करीब 1100 से 1200 पर्चे बनाए जाते हैं। डीएम ने मरीजों की सुविधा के लिए घर बैठे ऑनलाइन पर्चा बनवाने और चिकित्सक से अपॉइंटमेंट की व्यवस्था प्रभावी ढंग से लागू करने के निर्देश दिए, ताकि मरीजों को अनावश्यक रूप से लाइन में न लगना पड़े।

जिलाधिकारी ने बाल रोग, दंत रोग, हड्डी रोग, जनरल फिजिशियन, आयुष्मान भारत, अल्ट्रासाउंड, डिजिटल एक्स-रे, ईसीजी और सीटी स्कैन समेत विभिन्न विभागों का निरीक्षण किया। महिला अस्पताल की सिक न्यू बोर्न केयर यूनिट और जनरल वार्ड की व्यवस्थाएं भी देखीं। उन्होंने मरीजों से बातचीत कर अस्पताल में मिल रही सुविधाओं के बारे में जानकारी ली।

आयुष्मान भारत कक्ष में डीएम ने पात्र लाभार्थियों के आयुष्मान कार्ड बनवाने के लिए सूची तैयार करने और पहले से सूचीबद्ध लेकिन कार्ड से वंचित पात्र लोगों के कार्ड जल्द बनवाने के निर्देश दिए। इसके अलावा अस्पताल परिसर और वॉशरूम समेत सभी स्थानों पर नियमित सफाई सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए।

Poonam Report.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button