यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो में डेयरी और मत्स्य क्षेत्र को मिलेगा वैश्विक बाजार
लखनऊ। उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो (यूपीआईटीएस)-2026 में प्रदेश के डेयरी और मत्स्य क्षेत्र की उपलब्धियों, संभावनाओं और उद्यमिता को वैश्विक मंच मिलेगा। 25 से 29 सितंबर तक ग्रेटर नोएडा स्थित इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में आयोजित होने वाले इस अंतरराष्ट्रीय ट्रेड शो में डेयरी और मत्स्य क्षेत्र को प्रमुख फोकस सेक्टर के रूप में शामिल किया गया है।
ट्रेड शो के माध्यम से इन क्षेत्रों से जुड़ी सरकारी योजनाओं, उत्पादों, सेवाओं, तकनीकों और कारोबार के अवसरों को देश-विदेश के खरीदारों, निवेशकों और कारोबारियों के सामने प्रस्तुत किया जाएगा। इससे किसानों, दुग्ध उत्पादकों, मत्स्य पालकों, स्वयं सहायता समूहों और उद्यमियों को अपने उत्पादों तथा सेवाओं को बड़े बाजार से जोड़ने का अवसर मिलेगा।
मत्स्य क्षेत्र में मछली उत्पादन के साथ आधुनिक तकनीक, बेहतर प्रबंधन, प्रसंस्करण, कोल्ड चेन, पैकेजिंग, फीड और विपणन से जुड़े अवसरों को भी प्रदर्शित किया जाएगा। इसी तरह पशुधन, पशु स्वास्थ्य, दुग्ध उत्पादन और डेयरी से जुड़े व्यवसायों की संभावनाओं को भी ट्रेड शो में सामने रखा जाएगा।
आयोजन में अंतरराष्ट्रीय खरीदारों के साथ घरेलू बी2बी और बी2सी खरीदारों की भागीदारी से डेयरी और मत्स्य क्षेत्र के उद्यमियों को नए बाजारों तक पहुंच बनाने का अवसर मिलने की उम्मीद है। सरकारी विभागों, निजी कंपनियों, निवेशकों, निर्यातकों और कारोबारियों को एक मंच पर लाने का भी प्रयास किया जा रहा है।
मत्स्य विभाग की ओर से पीवीआर एक्वा, ग्रोवेल फीड, देवी फीड्स, फिश व्हाइट, मणि एग्रो हब, एबिस ग्रुप, दयाल ग्रुप और एडवांस फिश फार्म को ट्रेड शो में मंच मिलेगा। इससे मत्स्य क्षेत्र से जुड़े विभिन्न उत्पादों और कारोबारी गतिविधियों को प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा।
दुग्ध आयुक्त धनलक्ष्मी के. ने बताया कि यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो के चौथे संस्करण में डेयरी और मत्स्य विभाग की महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी। उन्होंने कहा कि आयोजन में आने वाले अतिथियों और आगंतुकों को उत्तर प्रदेश के दुग्ध एवं मत्स्य क्षेत्र में हुई प्रगति की जानकारी मिलेगी। दोनों विभागों की ओर से आयोजन को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
Poonam Report



