देवरिया में साइबर ठगी के 21 हजार रुपये पुलिस ने पीड़िता को वापस कराए

देवरिया जिले के भलुअनी थाना क्षेत्र में साइबर ठगी की शिकार हुई महिला के खाते से निकाले गए 21 हजार रुपये पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए वापस करा दिए। पूरी रकम वापस मिलने के बाद पीड़िता ने पुलिस टीम के प्रति आभार जताया।
करौंदी झझवा टोला निवासी अनीता देवी के साथ साइबर ठगी की घटना हुई थी, जिसमें उनके बैंक खाते से 21 हजार रुपये की धोखाधड़ी की गई। पीड़िता ने मामले की शिकायत भलुअनी थाने में की। शिकायत मिलने के बाद साइबर टीम ने तत्काल कार्रवाई शुरू करते हुए ठगी की रकम को समय रहते होल्ड करा लिया।
पुलिस अधीक्षक अभिजित आर. शंकर के निर्देशन में साइबर टीम ने आवश्यक प्रक्रिया पूरी की और 21 हजार रुपये की पूरी धनराशि पीड़िता के बैंक खाते में वापस करा दी। खाते में रकम वापस आने के बाद अनीता देवी ने पुलिस की त्वरित कार्रवाई की सराहना की।
पुलिस ने लोगों से साइबर अपराधों के प्रति सतर्क रहने की अपील की है। पुलिस के अनुसार किसी अनजान व्यक्ति के साथ बैंक खाते, एटीएम, ओटीपी या अन्य गोपनीय जानकारी साझा नहीं करनी चाहिए। साइबर ठगी होने पर तत्काल शिकायत करने से रकम को समय रहते रोकने और वापस कराने की संभावना बढ़ जाती है।
इस कार्रवाई में महिला उपनिरीक्षक प्रियंका, साइबर प्रभारी, कांस्टेबल ग्रेड-बी शिवम् नाथ आर्य, महिला कांस्टेबल प्रियंका मौर्या और कांस्टेबल शशिकान्त कुमार शामिल रहे।
Poonam Report



