गोरखपुर में सीएम योगी बोले- AI जवाब देगा, अच्छी किताबें सवाल करना सिखाएंगी

गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को गोरखपुर में आयोजित बाल मेला सम्मान समारोह में विद्यार्थियों को तकनीक के साथ किताबें पढ़ने और जिज्ञासु बने रहने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस सवालों के जवाब दे सकता है और काम आसान कर सकता है, लेकिन अच्छे सवाल करना अच्छी किताबें पढ़ने से सीखा जा सकता है। उन्होंने बच्चों से तकनीक का इस्तेमाल करने के साथ उस पर पूरी तरह निर्भर नहीं रहने की बात कही।
कार्यक्रम में विज्ञान मॉडल, चित्रकला और निबंध समेत विभिन्न प्रतियोगिताओं के करीब 70 विजेता छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। समारोह में करीब 500 विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। मुख्यमंत्री ने अभिभावकों से भी बच्चों पर अंकों का अनावश्यक दबाव नहीं बनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि पढ़ाई के साथ बच्चों का खेलना, सोना और खाना भी प्रभावित नहीं होना चाहिए।
मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों को हिंदी और अंग्रेजी के समाचार पत्र पढ़ने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि समाचार पत्र पढ़ने से भाषा और व्याकरण बेहतर होने के साथ नई चीजों को जानने की जिज्ञासा भी बढ़ती है। उन्होंने बच्चों से अपने शहर की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत को जानने की भी अपील की।
योगी आदित्यनाथ ने असफलता से सीख लेकर लगातार प्रयास करते रहने का संदेश भी दिया। उन्होंने पूर्व राष्ट्रपति डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम का उदाहरण देते हुए विद्यार्थियों को लक्ष्य के लिए प्रयास जारी रखने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में सांसद रवि किशन शुक्ला, महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव, विधायक विपिन सिंह और मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. अनुपमा कौशिक शर्मा समेत अन्य लोग मौजूद रहे।
Poonam Report.



