देवरिया में श्रमिकों और बुजुर्गों के लिए लगा आयुष्मान कार्ड शिविर, 50 लाभार्थियों के कार्ड बने

देवरिया में जिलाधिकारी के निर्देश पर पंजीकृत निर्माण श्रमिक परिवारों और 70 वर्ष से अधिक आयु के बुजुर्गों को आयुष्मान कार्ड उपलब्ध कराने के लिए शुक्रवार को सदर तहसील सभागार में विशेष शिविर आयोजित किया गया। शिविर में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने श्रम विभाग के सहयोग से कुल 50 पात्र लाभार्थियों के आयुष्मान कार्ड बनाए।
शिविर के दौरान लाभार्थियों को आयुष्मान कार्ड से मिलने वाली स्वास्थ्य सुविधाओं और कार्ड बनवाने की प्रक्रिया की जानकारी दी गई। अधिकारियों ने पात्र लोगों से योजना का लाभ लेने के लिए आवश्यक दस्तावेजों के साथ शिविर में पहुंचने की अपील की।
आयुष्मान योजना के नोडल अधिकारी डॉ. आरपी यादव ने बताया कि शनिवार, 19 सितंबर को भी सदर तहसील सभागार में आयुष्मान कार्ड बनाने के लिए शिविर लगाया जाएगा। उन्होंने पात्र निर्माण श्रमिक परिवारों और 70 वर्ष से अधिक आयु के बुजुर्गों से शिविर में पहुंचकर अपना कार्ड बनवाने की अपील की।
लाभार्थियों को कार्ड बनवाने के लिए आधार कार्ड, राशन कार्ड और मोबाइल नंबर साथ लाने के लिए कहा गया है। इसके अलावा पात्र लोग अपने नजदीकी आयुष्मान आरोग्य मंदिर या स्वास्थ्य उपकेंद्र पर भी आयुष्मान कार्ड बनवा सकते हैं। इसके लिए आशा और एएनएम से संपर्क करने की जानकारी दी गई है।
श्रम एवं स्वास्थ्य विभाग ने पात्र परिवारों से परिवार के सभी योग्य सदस्यों के आयुष्मान कार्ड बनवाने की अपील की है, ताकि जरूरत पड़ने पर उन्हें योजना के तहत उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिल सके।
Poonam Report



