उत्तर प्रदेशलखनऊ

यूपी के युवाओं के लिए रोजगार का सुनहरा अवसर, 16 अक्टूबर को लखनऊ में लगेगा रोजगार मेला; 800 पदों पर होगा चयन

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के युवाओं को रोजगार से जोड़ने के लिए राजधानी लखनऊ में 16 अक्टूबर को वृहद रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई), अलीगंज परिसर में सुबह 10 बजे से शुरू होने वाले इस रोजगार मेले में दो प्रतिष्ठित कंपनियां कुल 800 पदों पर अभ्यर्थियों का चयन करेंगी। इसमें 10वीं, 12वीं, आईटीआई, डिप्लोमा और बीएससी उत्तीर्ण अभ्यर्थियों को उनकी योग्यता के अनुसार रोजगार पाने का अवसर मिलेगा।

इस रोजगार मेले में हीरो मोटोकॉर्प लिमिटेड और बैक्स एनर्जी प्राइवेट लिमिटेड युवाओं को नौकरी और अप्रेंटिसशिप के अवसर उपलब्ध कराएंगी। चयन प्रक्रिया के माध्यम से ऑटोमोबाइल और नवीकरणीय ऊर्जा क्षेत्र में काम करने का मौका मिलेगा। इच्छुक अभ्यर्थियों को निर्धारित तिथि पर अपने शैक्षिक प्रमाणपत्रों और जरूरी दस्तावेजों के साथ आईटीआई अलीगंज परिसर पहुंचना होगा।

हीरो मोटोकॉर्प की ओर से कुल 300 पदों पर चयन किया जाएगा। इनमें 150 पद पुरुष और 150 पद महिला अभ्यर्थियों के लिए निर्धारित हैं। आईटीआई अप्रेंटिस के 150 पदों पर फिटर, टर्नर, एमएमवी, मशीनिस्ट, वेल्डर और इलेक्ट्रीशियन ट्रेड से आईटीआई उत्तीर्ण 18 से 25 वर्ष आयु वर्ग के अभ्यर्थी आवेदन के पात्र होंगे। चयनित अभ्यर्थियों को एक वर्ष की अप्रेंटिसशिप के दौरान 17,060 रुपये प्रतिमाह स्टाइपेंड दिया जाएगा। इसके बाद एक वर्ष तक टीटीएस के तहत 18,060 रुपये प्रतिमाह वेतन मिलने का प्रावधान है।

इसके अतिरिक्त, प्रधानमंत्री इंटर्नशिप योजना के तहत हीरो मोटोकॉर्प में 150 स्टूडेंट ट्रेनी पदों पर भी चयन किया जाएगा। इन पदों के लिए 10वीं या 12वीं उत्तीर्ण ऐसे अभ्यर्थी पात्र होंगे, जिन्होंने आईटीआई नहीं किया है। चयनित अभ्यर्थियों को प्रतिमाह कुल 23,321 रुपये का लाभ मिलेगा। इसमें कंपनी की ओर से 15,221 रुपये और केंद्र सरकार की ओर से प्रत्यक्ष लाभ अंतरण के माध्यम से 8,100 रुपये दिए जाएंगे।

वहीं, नवीकरणीय ऊर्जा क्षेत्र की कंपनी बैक्स एनर्जी प्राइवेट लिमिटेड 500 पुरुष अभ्यर्थियों का चयन करेगी। इन पदों के लिए 18 से 35 वर्ष आयु वर्ग के अभ्यर्थी पात्र होंगे। गुजरात के द्वारका स्थित सोलर प्रोजेक्ट और तमिलनाडु-कर्नाटक के विंड पावर प्लांट के लिए आईटीआई तकनीकी योग्यता तथा बीएससी उत्तीर्ण अभ्यर्थियों को टेक्नीशियन और हेल्पर के पदों पर अवसर मिलेगा। इन पदों के लिए 17,000 रुपये मासिक सीटीसी निर्धारित है। इसके अलावा मैकेनिकल, इलेक्ट्रिकल और इलेक्ट्रॉनिक्स में डिप्लोमा धारकों का ट्रेनी और टेक्नीशियन पदों पर चयन किया जाएगा, जिनके लिए 18,000 रुपये मासिक सीटीसी निर्धारित है। चयनित अभ्यर्थियों को पीएफ, ईएसआईसी सहित लागू सुविधाएं भी मिलेंगी।

हीरो मोटोकॉर्प में चयनित अभ्यर्थियों को हरियाणा के रेवाड़ी स्थित प्लांट में काम करने का अवसर मिलेगा। कंपनी की ओर से तीन दिन होटल में ठहरने की सुविधा, यूनिफॉर्म, सुरक्षा जूते, कैंटीन सुविधा, एक लाख रुपये का मेडिक्लेम, सवेतन अवकाश और अनुभव प्रमाणपत्र जैसी सुविधाएं भी दिए जाने की जानकारी दी गई है। चयन प्रक्रिया में निर्धारित शारीरिक मानकों को पूरा करना आवश्यक होगा। ड्राइविंग लाइसेंस रखने वाले अभ्यर्थियों को प्राथमिकता भी दी जा सकती है।

प्लेसमेंट अधिकारी एम. ए. खां के अनुसार, इच्छुक और पात्र अभ्यर्थी 16 अक्टूबर 2026 को सुबह 10 बजे राजकीय आईटीआई, अलीगंज, लखनऊ परिसर में पहुंचकर साक्षात्कार में शामिल हो सकते हैं। अभ्यर्थियों को अपने साथ 10वीं, 12वीं, आईटीआई या डिप्लोमा की अंकतालिका और प्रमाणपत्र, आधार कार्ड की छायाप्रति, पैन कार्ड, बैंक पासबुक की प्रति तथा चार पासपोर्ट साइज फोटो लाना अनिवार्य होगा। हीरो मोटोकॉर्प से संबंधित जानकारी के लिए हेल्पलाइन नंबर 9118561562 जारी किया गया है।

इस रोजगार मेले के माध्यम से युवाओं को उनकी शैक्षिक योग्यता और तकनीकी कौशल के अनुसार रोजगार पाने का अवसर मिलेगा। इच्छुक अभ्यर्थियों को सलाह है कि वे अपनी पात्रता, संबंधित पद की शर्तों और जरूरी दस्तावेजों की पहले से जांच कर लें, ताकि चयन प्रक्रिया में शामिल होने के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो।

Poonam Report.

Related Articles

Back to top button