यूपी में ITI प्रवेश का पांचवां चरण शुरू, 11 अक्टूबर तक आवेदन का मौका

यूपी में ITI प्रवेश का पांचवां चरण शुरू, 11 अक्टूबर तक आवेदन का मौकालखनऊ। उत्तर प्रदेश के राजकीय और निजी औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (ITI) में प्रशिक्षण सत्र 2026-27 के लिए प्रवेश प्रक्रिया का पांचवां चरण शुरू हो गया है। चौथे चरण के बाद खाली रह गई सीटों पर प्रवेश के लिए अभ्यर्थी 6 अक्टूबर से 11 अक्टूबर 2026 की रात 12 बजे तक ऑनलाइन आवेदन और विकल्प भर सकेंगे।
इस चरण में पहले से पंजीकरण करा चुके लेकिन प्रवेश से वंचित अभ्यर्थियों को नए विकल्प भरने का अवसर दिया गया है। वहीं, ऐसे अभ्यर्थी जिन्होंने पहले पंजीकरण नहीं कराया था, वे भी राजकीय और निजी ITI में प्रवेश के लिए नए सिरे से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
राजकीय ITI के पहले, दूसरे और तीसरे चरण में चयनित नहीं हुए या चयन के बावजूद प्रवेश नहीं ले सके अभ्यर्थी अपनी पंजीकरण संख्या और जन्मतिथि के माध्यम से रिक्त ट्रेड और संस्थानों के लिए नए विकल्प भर सकते हैं। यदि कोई अभ्यर्थी नए विकल्प दर्ज नहीं करता है तो उसे पहले दिए गए विकल्पों के आधार पर ही पांचवें चरण की सीट आवंटन प्रक्रिया में शामिल किया जाएगा। राजकीय ITI में पहले प्रवेश लेने के बाद किसी कारण से नाम कटवा चुके अभ्यर्थियों को भी इस चरण में आवेदन का मौका दिया गया है।
नए अभ्यर्थियों को ऑनलाइन आवेदन के बाद निर्धारित शुल्क जमा करना होगा। सामान्य और अन्य पिछड़ा वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए आवेदन शुल्क 300 रुपये, अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति के लिए 250 रुपये तथा सभी वर्गों की महिला अभ्यर्थियों के लिए 100 रुपये निर्धारित किया गया है। शुल्क का भुगतान ऑनलाइन माध्यम से किया जा सकता है।
चौथे चरण के बाद बची हुई सीटों की जानकारी जनपदवार, संस्थानवार और ट्रेडवार उपलब्ध कराई जाएगी। अभ्यर्थी परिषद की वेबसाइट पर रिक्त सीटों की जानकारी देखकर अपनी पसंद के संस्थान और ट्रेड का विकल्प भर सकते हैं। संबंधित ITI के कार्यालय से भी रिक्त सीटों की जानकारी प्राप्त की जा सकती है।
अभ्यर्थियों को आवेदन की अंतिम तिथि का विशेष ध्यान रखना होगा। ऑनलाइन आवेदन और विकल्प भरने की सुविधा 11 अक्टूबर 2026 की रात 12 बजे तक उपलब्ध रहेगी। प्रवेश से संबंधित जानकारी राज्य व्यावसायिक प्रशिक्षण परिषद, उत्तर प्रदेश की वेबसाइट पर उपलब्ध कराई जा रही है।
Poonam Report.



