उत्तर प्रदेशजौनपुरबड़ी खबरराज्य

जौनपुर में लेखपाल से दुर्व्यवहार के मामले में चार पुलिसकर्मी निलंबित, काम बंद आंदोलन समाप्त

जौनपुर, 12 सितंबर 2026: सदर तहसील के लेखपाल हिमांशु यादव से कथित दुर्व्यवहार के मामले में पुलिस अधीक्षक ने क्राइम ब्रांच के चार पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया है। कार्रवाई के बाद उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ ने अपना काम बंद आंदोलन समाप्त कर दिया।

मामले को लेकर शनिवार को कलेक्ट्रेट परिसर में सदर तहसील अध्यक्ष विक्रांत सिंह चौहान के नेतृत्व में लेखपालों ने प्रदर्शन किया। लेखपालों का आरोप था कि क्राइम ब्रांच की टीम किसी अन्य व्यक्ति की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही थी। इसी दौरान गलतफहमी में टीम ने लेखपाल हिमांशु यादव को पकड़ लिया और उनके साथ कथित तौर पर दुर्व्यवहार किया। इसके विरोध में लेखपालों ने संबंधित पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की मांग को लेकर काम बंद कर दिया था।

पुलिस अधीक्षक ने मामले में हेड कांस्टेबल प्रफुल्ल यादव, हेड कांस्टेबल आशुतोष सिंह, हेड कांस्टेबल धर्मेंद्र यादव और कांस्टेबल विनीत यादव को निलंबित कर दिया। कार्रवाई की जानकारी मिलने के बाद लेखपाल संघ ने संतोष जताया और आंदोलन समाप्त करने का निर्णय लिया।

दर्जनों लेखपालों ने अपर जिलाधिकारी से मुलाकात कर अपनी मांगें रखीं। मुख्य राजस्व अधिकारी ने जिला अध्यक्ष को फोन पर निलंबन की जानकारी दी। बाद में जिला अध्यक्ष और पीड़ित लेखपाल हिमांशु यादव को बुलाकर निलंबन आदेश की प्रति भी दिखाई गई। हिमांशु यादव ने आदेश देखकर कार्रवाई की पुष्टि की और साथी लेखपालों का आभार जताया। इसके बाद सदर तहसील में चल रहा काम बंद आंदोलन समाप्त कर दिया गया।

Poonam Report

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button