अस्पताल में भर्ती कराते समय जल्दबाजी में कई जरूरी बातें छूट जाती हैं। मरीज और परिवार को सबसे पहले नाम, उम्र और अन्य पहचान संबंधी जानकारी सही दर्ज है या नहीं, इसकी पुष्टि करनी चाहिए। साथ ही डॉक्टर से बीमारी, प्रस्तावित इलाज और उपचार के उद्देश्य की जानकारी स्पष्ट रूप से लेनी चाहिए।
मरीज कौन-कौन सी दवाएं ले रहा है और किसी दवा, भोजन या अन्य चीज से एलर्जी है तो इसकी जानकारी डॉक्टर और नर्सिंग स्टाफ को जरूर दें। किसी ऑपरेशन या मेडिकल प्रक्रिया से पहले उसके फायदे, संभावित जोखिम, विकल्प और रिकवरी से जुड़ी जानकारी भी पूछनी चाहिए।
जांच रिपोर्ट, स्कैन और अन्य मेडिकल रिकॉर्ड सही मरीज के हैं या नहीं, यह भी जांच लें। संक्रमण से बचाव के लिए स्वास्थ्यकर्मियों की हाथों की स्वच्छता और मरीज के आसपास अनावश्यक भीड़ पर भी ध्यान देना चाहिए। कोई बात समझ न आए तो दोबारा पूछने में झिझकें नहीं। विश्व रोगी सुरक्षा दिवस 17 सितंबर को मनाया जाता है और 2026 में इसका विषय सुरक्षित गैर-संचारी रोग देखभाल पर केंद्रित है।
Poonam Report



