उत्तर प्रदेशराज्यलखनऊ

Lucknow Ankush Murder Case : रेलवे ट्रैक के पास मिला था रसोइए का शव, हत्या की रिपोर्ट दर्ज

[tta_listen_btn listen_text="खबर सुनें" pause_text="Pause" resume_text="Resume" replay_text="Replay" start_text="Start" stop_text="Stop"]

पीजीआई थाना अंतर्गत वृंदावन स्थित बरौली इलाके में बीते 3 मई को रेलवे ट्रैक के किनारे झाड़ियों में बाराबंकी निवासी अंकुश का शव मिलने के मामले में पिता ने मंगलवार को पीजीआई थाने में हत्या की रिपोर्ट दर्ज करायी है। पिता ने अपने बड़े बेटे के साढ़ू, उनकी पत्नी और साले पर हत्या का आरोप लगाया है। इंस्पेक्टर पीजीआई धीरेंद्र सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।

मूल रूप से बाराबंकी निवासी प्रेम कुमार बेटे अंकुश के साथ वृंदावन सेक्टर-6 में किराए पर रहकर लॉन्ड्री का काम करते हैं। पिता ने बताया कि अंकुश पिछले तीन माह से किराये का मकान लेकर अलग रहकर सेक्टर-11 में एक घर में रसोइये का काम करता था। करीब दो माह पूर्व अंकुश बिना किसी को कुछ बताए बड़े भाई अनिल की पत्नी की बड़ी बहन रोशनी और रोशनी के दो बच्चों के साथ लिवइन में रहने लगा था।

रोशनी का तीसरा बच्चा उसके पति राज के पास ही था। आरोप है कि इस दौरान बड़े बेटे अनिल के साढ़ू राज, साले मोनी और बड़ी सलहज ने काफी विरोध किया था। इस पर जब रोशनी ने अपना तीसरा बच्चा पति राज से मांगा तो उसने अंकुश को छोड़ने की बात कही थी। आरोप है कि तभी से दोनों तरफ से लगातार कहासुनी हो रही थी। 1 मई की शाम घर से दावत के लिए निकले अंकुश का शव 3 मई की सुबह बरौली स्थित रेलवे ट्रैक पर बने पुल के नीचे झाड़ियों में मिला था।

पिता प्रेम कुमार ने बताया कि पुलिस ने पुल से नीचे गिरने से अंकुश की मौत की बात कही थी, जबकि बाइक पुल के ऊपर मिली थी। आरोप है कि आरोपियों ने बेटे अंकुश की हत्या करने के बाद शव को रेलवे पुल के नीचे फेंका, ताकि घटना हादसा लगे। पीजीआई इंस्पेक्टर धीरेंद्र सिंह ने बताया कि घटनास्थल के आसपास के सीसी कैमरों के फुटेज में अंकुश अकेले ही दिखा है। हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है।

Related Articles

Back to top button