यूपी GST विभाग में IAS तैनाती पर नाराजगी, अधिकारी CM योगी से रखेंगे अपनी बात

उत्तर प्रदेश के राज्य कर (GST) विभाग में अपर आयुक्त ग्रेड-1 के पदों पर IAS अधिकारियों की तैनाती को लेकर विभागीय अधिकारियों में नाराजगी सामने आई है। GST Officers Service Association अब मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात कर अपनी मांगें रखने की तैयारी में है।
विभाग में अपर आयुक्त ग्रेड-1 के 22 पद स्वीकृत हैं। एसोसिएशन का कहना है कि विभागीय नियमों के अनुसार इन पदों पर नियुक्ति विभागीय संवर्ग से पदोन्नति के जरिए होनी चाहिए, लेकिन इनमें से तीन पदों पर IAS अधिकारियों की तैनाती की गई है। संगठन ने संबंधित नियुक्ति आदेशों को निरस्त करने की मांग की है।
अधिकारियों का तर्क है कि राज्य कर विभाग के कई अधिकारियों के पास 20 से 25 वर्षों का अनुभव है और विभाग करीब 1.5 लाख करोड़ रुपये का राजस्व जुटाता है। इसलिए उनका कहना है कि ऐसे महत्वपूर्ण पदों पर विभागीय विशेषज्ञता को प्राथमिकता मिलनी चाहिए।
एसोसिएशन ने सिर्फ IAS तैनाती का मुद्दा ही नहीं उठाया है। संगठन ने कैडर का पुनर्गठन, नए पदों का सृजन और समयबद्ध पदोन्नति की भी मांग की है। साथ ही अधिकारियों के लिए पर्याप्त कार्यालय, वाहन, कंप्यूटर, इंटरनेट और अन्य डिजिटल संसाधन उपलब्ध कराने की मांग रखी गई है।
अब देखना होगा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ प्रस्तावित बैठक में विभागीय अधिकारियों की मांगों पर क्या फैसला होता है और IAS अधिकारियों की तैनाती को लेकर सरकार का रुख क्या रहता है।
Poonam Report



