आगराउत्तर प्रदेशबड़ी खबरराज्य

एत्मादपुर में UGC के नए नियमों के विरोध में प्रदर्शन, पुलिस और कार्यकर्ताओं में झड़प के बाद हंगामा

आगरा। एत्मादपुर तहसील में UGC के नए नियमों के विरोध में प्रदर्शन कर रहे कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच मंगलवार को विवाद हो गया। प्रदर्शनकारियों के तहसील पहुंचने के दौरान पुलिस से तीखी झड़प हुई। इसी दौरान अपराध निरीक्षक के धक्का लगने से गिरने के बाद मामला और गरमा गया। आरोप है कि इसके बाद इंस्पेक्टर ने प्रदर्शनकारियों पर लाठी चलानी शुरू कर दी। घटना के वीडियो और तस्वीरें सामने आने के बाद मामला चर्चा में है।

बताया गया कि खंदौली क्षेत्र के गांव वमान में सुबह करीब 10 बजे क्षत्रिय सभा यमुनापार के अध्यक्ष भरत सिंह सिकरवार और सिस्टम सुधार संगठन के प्रदेश अध्यक्ष अंशुमन ठाकुर के साथ बड़ी संख्या में युवा एकत्र हुए। इसके बाद कार्यकर्ता बाइक और कारों के काफिले के साथ एत्मादपुर तहसील की ओर रवाना हुए। प्रदर्शन की जानकारी मिलने पर एसडीएम सुमित सिंह और एसीपी एत्मादपुर देवेश सिंह पुलिस बल के साथ रास्ते में पहुंचे और प्रदर्शनकारियों को रोकने का प्रयास किया।

प्रदर्शनकारियों को आगे बढ़ने से रोकने के लिए रास्ते में ईंटों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली खड़ी की गई थी। इससे कार्यकर्ता नाराज हो गए और उन्होंने हंगामा शुरू कर दिया। बाद में ट्रैक्टर-ट्रॉली को रास्ते से हटा दिया गया और प्रदर्शनकारी बरहन तिराहे से होते हुए एत्मादपुर की ओर बढ़ गए। तहसील चौराहे पर पहुंचकर कुछ समय के लिए हाईवे पर बैठकर नारेबाजी भी की गई।

इसके बाद प्रदर्शनकारी तहसील की ओर बढ़े, जहां पुलिस के साथ उनकी तीखी झड़प हो गई। इसी दौरान अपराध निरीक्षक धक्का लगने से जमीन पर गिर गए। रिपोर्ट के अनुसार, इसके बाद गुस्साए इंस्पेक्टर ने प्रदर्शनकारियों पर लाठी चलाना शुरू कर दिया। कुछ कार्यकर्ताओं ने उन्हें रोकने का प्रयास किया, लेकिन विवाद बढ़ता गया। एक युवक के पीछे इंस्पेक्टर के जाने और उसे पकड़कर लाठी मारने की बात भी सामने आई है।

घटना के दौरान सिस्टम सुधार संगठन के प्रदेश अध्यक्ष अंशुमन ठाकुर को भी लाठी लगने का आरोप है। सामने आई तस्वीरों और वीडियो में एसीपी देवेश सिंह इंस्पेक्टर को रोकने का प्रयास करते दिखाई देते हैं। इसके बावजूद इंस्पेक्टर द्वारा अंशुमन ठाकुर के कंधे और पैर पर लाठी मारने का आरोप लगाया गया है।

मामला बढ़ने पर पुलिसकर्मियों ने इंस्पेक्टर को एक अधिवक्ता के चैंबर में ले जाकर सुरक्षित किया। दूसरी ओर नाराज प्रदर्शनकारियों ने हाईवे पर जाम लगा दिया और पुलिस कार्रवाई के खिलाफ विरोध जताया। एसीपी के समझाने के बाद जाम खोला गया। इसके बाद प्रदर्शनकारी तहसील परिसर में पहुंचकर धरने पर बैठ गए। करीब दो घंटे बाद अधिकारियों ने ज्ञापन लिया, जिसके बाद प्रदर्शनकारी वहां से वापस चले गए।

प्रदर्शनकारियों का कहना था कि वे UGC के नए नियमों के विरोध में अपनी मांग प्रशासन तक पहुंचाने आए थे। बताया गया कि करीब एक सप्ताह पहले सोशल मीडिया के माध्यम से प्रदर्शन का एलान किया गया था। इसके बावजूद प्रदर्शन के दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच टकराव की स्थिति बन गई। घटना के बाद पुलिस प्रशासन की व्यवस्था और कार्रवाई को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।

एत्मादपुर की घटना के बाद इलाके में कुछ समय के लिए तनावपूर्ण स्थिति बनी रही। प्रदर्शनकारियों के हाईवे पर बैठने से यातायात भी प्रभावित हुआ। प्रशासन ने समझाकर स्थिति को नियंत्रित किया और प्रदर्शनकारियों से ज्ञापन लेकर उन्हें वापस भेजा। पूरे घटनाक्रम के वीडियो और तस्वीरें सामने आने के बाद पुलिस कार्रवाई को लेकर चर्चा तेज हो गई है।

Poonam Report

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button