उत्तर प्रदेशऔरैयाकारोबारबड़ी खबर

औरैया का सराय बिहारीदास बनेगा शत-प्रतिशत आयुष्मान कार्ड वाला गांव

औरैया जिले के सराय बिहारीदास गांव को शत-प्रतिशत पात्र लोगों का आयुष्मान कार्ड बनाने के लक्ष्य के साथ गोद लिया गया है। फफूंद स्थित विजन आई केयर सेंटर ने राज्य एजेंसी फॉर कॉम्प्रिहेंसिव हेल्थ एंड इंटीग्रेटेड सर्विसेज के दिशा-निर्देशों के तहत गांव को गोद लेकर अभियान शुरू करने की तैयारी की है।

अभियान के तहत अस्पताल की विशेष टीमें गांव में चौपाल लगाने के साथ घर-घर जाकर पात्र परिवारों की जानकारी जुटाएंगी। जिन पात्र लोगों के अभी तक आयुष्मान कार्ड नहीं बने हैं, उनके कार्ड बनवाने में टीम सहयोग करेगी। साथ ही ग्रामीणों को आयुष्मान भारत योजना की पात्रता और मिलने वाली स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी भी दी जाएगी।

अस्पताल संचालक डॉ. शादाब मुईन ने बताया कि योजना के तहत संबद्ध निजी अस्पतालों को एक गांव गोद लेकर पात्र लाभार्थियों के शत-प्रतिशत आयुष्मान कार्ड बनवाने का लक्ष्य दिया गया है। इसी क्रम में सराय बिहारीदास गांव का चयन किया गया है।

अभियान के दौरान ग्रामीणों की आंखों की निशुल्क जांच भी की जाएगी। जांच में मोतियाबिंद या आंखों से जुड़ी अन्य बीमारी मिलने पर पात्र मरीजों को आयुष्मान योजना के तहत कैशलेस उपचार उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा। इस पहल से गांव के पात्र परिवारों को आयुष्मान भारत योजना के तहत प्रति परिवार पांच लाख रुपये तक के उपचार कवर का लाभ मिल सकेगा।

ग्रामीणों ने गांव को आयुष्मान कार्ड अभियान से जोड़ने की पहल का स्वागत किया है। अभियान का उद्देश्य पात्र परिवारों को सरकारी स्वास्थ्य सुविधाओं से जोड़ना और ग्रामीण क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच को बेहतर बनाना है।

Poonam Report

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button