अयोध्या में सरयू किनारे तैयार हो रहा नया सांस्कृतिक केंद्र, दीपोत्सव से पहले बढ़ेगा पर्यटन आकर्षण

अयोध्या में दीपोत्सव से पहले सरयू नदी के किनारे पर्यटकों के लिए एक नया पर्यटन और सांस्कृतिक केंद्र विकसित किया जा रहा है। राजघाट के पास श्री अयोध्या जी तीर्थ विकास योजना के तहत करीब 22.72 करोड़ रुपये की लागत से तैयार हो रहे इस प्रोजेक्ट में एम्फीथिएटर, फूड प्लाजा, कैफे और हनुमान चालीसा की चौपाइयों को दर्शाती म्यूरल वॉल जैसी सुविधाएं विकसित की जा रही हैं।
परियोजना का करीब 90 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है और इसे अक्टूबर 2026 के अंत तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। दीपोत्सव के दौरान अयोध्या पहुंचने वाले पर्यटकों को सरयू के किनारे सांस्कृतिक कार्यक्रमों, स्थानीय खानपान और मनोरंजन से जुड़ी सुविधाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराने की योजना है।
परियोजना में करीब 150 से 200 लोगों की क्षमता वाला एम्फीथिएटर बनाया जा रहा है। यहां विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जा सकेंगे। इसके साथ ही हनुमान चालीसा की पूरी चौपाइयों को दर्शाने वाली म्यूरल वॉल भी तैयार की जा रही है, जो पर्यटकों के लिए आकर्षण का केंद्र होगी।
परिसर में आठ दुकानों वाला फूड प्लाजा, कैफे, सार्वजनिक सुविधाएं और अन्य पर्यटक सुविधाएं भी विकसित की जा रही हैं। अधिकारियों के अनुसार, यह केंद्र केवल दीपोत्सव के दौरान ही नहीं, बल्कि पूरे वर्ष पर्यटकों के लिए उपयोगी रहेगा।
पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि दीपोत्सव के दौरान अयोध्या में पर्यटकों की संख्या बढ़ती है और शहर में आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक पर्यटन का महत्व लगातार बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि राजघाट के पास तैयार हो रहा यह केंद्र पर्यटकों को सांस्कृतिक कार्यक्रमों, स्थानीय खानपान और सरयू के प्राकृतिक वातावरण का एक साथ अनुभव कराने में मदद करेगा।
अपर मुख्य सचिव एवं महानिदेशक पर्यटन अमृत अभिजात के अनुसार, परियोजना का उद्देश्य सरयू किनारे पर्यटकों को नया अनुभव देना और अयोध्या के पर्यटन परिदृश्य का विस्तार करना है। इस केंद्र से रामायण सर्किट से जुड़े पर्यटन आकर्षणों में भी एक नया स्थल जुड़ने की उम्मीद है।
Poonam Report



